अंबेडकरनगर। विभिन्न क्वारंटीन सेंटरों व गांवों से 23 नागरिक रविवार को जांच के लिए जिला अस्पताल ले जाए गए। स्क्रीनिंग के बाद एक का तापमान कुछ अधिक मिला। इस पर उसे क्वारंटीन के लिए रखा गया है। साथ ही उसके ब्लड का सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया। शेष के सामान्य होने पर उन्हें वापस संबंधित क्वारंटीन सेंटर व गांव भेज दिया गया।
गौरतलब है कि दूसरे प्रांत व शहर से आने वालों को क्वारंटीन करने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में क्वारंटीन केंद्र बनाए गए हैं। क्वारंटीन केंद्रों पर रखे गए नागरिकों की प्रतिदिन स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा जांच की जाती है। जांच के दौरान यदि किसी को किसी भी प्रकार की समस्या होती है, तो उसे जिला अस्पताल भेजा जाता है।
इसी क्रम में रविवार को जिले के विभिन्न क्वारंटीन केंद्रों व गांवों से 23 नागरिकों को स्क्रीनिंग के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉ. मनोज शुक्ल व डॉ. योगेश के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने सभी की स्क्रीनिंग की। इसमें एक नागरिक का तापमान सामान्य से अधिक था। इस पर उसे जिला अस्पताल में बने क्वारंटीन केंद्र में भर्ती कर लिया गया। साथ ही उसके ब्लड का नमूना जांच के लिए भेज दिया गया। शेष को स्थिति सामान्य होने के चलते वापस भेज दिया गया।
सीएमएस डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि रविवार को स्क्रीनिंग के लिए आने वालों में कुछ ऐसे भी थे, जो क्वारंटीन सेंटर में नहीं थे। वह बाहर से आए हुए थे, जिन्हें ग्राम प्रधान ने जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा था। बताया कि स्क्रीनिंग के बाद 22 लोग पूरी तरह सामान्य पाए गए। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखें। यदि तनिक भी लगे कि तबीयत खराब है, तो तत्काल जिला अस्पताल पहुंचकर स्क्रीनंग कराएं। जागरूकता के आधार पर ही कोरोना के संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सकता है।