सद्दरपुर। अलीगंज क्षेत्र के ममरेजपुर स्थित पार्थ धागा मिल परिसर में फूड पॉइजनिंग की चपेट में आईं 21 महिला प्रशिक्षणार्थियों और कर्मियों की हालत में सुधार के बाद बुधवार को सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर से छुट्टी दे दी गई। जांच रिपोर्ट सामान्य आने और स्वास्थ्य में सुधार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें डिस्चार्ज किया।
सोमवार रात पार्थ धागा मिल परिसर में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना के तहत संचालित हॉस्टल में भोजन करने के बाद महिलाओं व युवतियों की तबीयत बिगड़ गई थी। मंगलवार सुबह 21 लोगों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। इनमें चार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी, जबकि 17 को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उपचार किया गया। चिकित्सकों की निगरानी में इलाज के बाद सभी की हालत में लगातार सुधार हुआ। बुधवार दोपहर तीन बजे के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मंगलवार देर रात डीएम ईशा प्रिया, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव, जिला उपाध्यक्ष विवेक मौर्य समेत अन्य लोगों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी भी ली। प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि सभी की हालत सामान्य होने पर छुट्टी दे दी गई है।