विद्युत लाइन में आई गड़बड़ी के चलते जिला मुख्यालय के लगभग एक तिहाई हिस्से में दस घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। इससे गर्मी के इस मौसम में उपभोक्ताओं के बीच त्राहि-त्राहि मची रही। सबसे ज्यादा मुश्किल पेयजल संकट को लेकर दिखा।
खास बात यह कि यह गड़बड़ी विद्युत लाइन में काम कर रहे एक ठेकेदार से जुड़े कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से हुई। नगर के मालीपुर रोड पर पावर कार्पोरेशन की लाइन में कुछ काम चल रहा था।
इसी बीच दोपहर से पहले एक ठेकेदार से जुड़े कर्मचारियों की लापरवाही के चलते जिला मुख्यालय के शहजादपुर इलाके को विद्युत आपूर्ति करने वाली लाइन ही क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रांसफार्मर से लेकर अन्य उपकरण तक इससे प्रभावित हो गए।
नतीजा यह हुआ कि मालीपुर रोड, कृष्णानगर कॉलोनी, दोस्तपुर रोड, सब्जी मंडी, अब्दुल्लापुर, रामजानकी मंदिर क्षेत्र व शहजादपुर पूर्वी नाका आदि क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप पड़ गई। शुरुआती तीन-चार घंटों तक विद्युत आपूर्ति बहाल न होने पर तो किसी तरह काम चल गया लेकिन इसके बाद से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ने लगीं।
देखते ही देखते लगभग बीस हजार की आबादी के समक्ष पेयजल से लेकर विद्युत आपूर्ति का संकट गहराने लगा। बाद में जब विद्युत कर्मियों व ठेकेदार की लापरवाही की जानकारी हुई तो उपभोक्ताओं में आक्रोश भी फैल गया।
इसे देखते हुए आननफानन में नए उपकरण लगाने के साथ ही मरम्मत का कार्य शुरू हुआ लेकिन शाम सात बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। अधिशाषी अभियंता विद्युत मुकेश बाबू ने बताया कि काम चल रहा है। देर शाम तक आपूर्ति बहाल कर ली जाएगी।