बसखारी। हंसवर थाना क्षेत्र में मैंदीघाट पर सरयू नदी में नहाने गए चार दोस्त पानी में डूब गए। चीख-पुकार सुनकर मौजूद लोगों ने तीन लड़कों को बाहर निकाल लिया। वहीं, एक युवक का पता नहीं चल सका। पुलिस की सूचना पर पहुंचे गोताखोर उसकी तलाश कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, मैंदीघाट निवासी ताहिर (18) पुत्र मैनुद्दीन गुरुवार शाम गोहिला निवासी अपने तीन दोस्तों जीशान, ईमान व इनामुलहक के साथ मैंदीघाट पर सरयू में नहाने गया था।
नहाने के दौरान ताहिर का पैर फिसल गया और वह डूबने लगा। उसे डूबता देख साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वे भी डूबने लगे। शोर सुनकर वहां मौजूद लोग पहुंच गए। किसी तरह जीशन, ईमान व इनामुलहक तो बाहर निकल आए, लेकिन ताहिर पानी के साथ बह गया।
कुछ ही देर में परिवारीजन भी वहां पहुंच गए। सीओ टांडा केके मिश्र व हंसवर थाना प्रभारी रामचंद्र सरोज भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की सूचना पर पहुंचे गोताखोरों ने ताहिर की तलाश शुरू कर दी, लेकिन गुरुवार देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।