अंबेडकरनगर। राजकीय इंटर कॉलेेज में मंगलवार को मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतिभा प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय श्रेणी हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुुए भविष्य में और बेहतर प्रयास जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य सुरेशलाल श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीपार्चन कर किया। शैक्षिक गुणवत्ता व उन्नयन के संदर्भ में उन्होंने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के शिक्षा की महत्ता तभी बढ़ती है, जब उनमें बेहतर संस्कार भी हों। शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को सामाजिक संस्कार भी सीखना होगा।
छात्र-छात्राओं से सामाजिक कार्यों में रुचि लेने का आह्वान किया। कहा कि समाज व देश में परिवर्तन तभी संभव है, जब युवा पीढ़ी उसका वाहक बने। बाद में सत्र 2018-19 में कक्षा 9 व 11 की परीक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
इसमें कक्षा 9 के वैभव पाल, अंजलि विश्वकर्मा तथा कक्षा 11 की पल्लवी यादव व प्रद्युम्न शर्मा को प्रशस्ति पत्र मिला। इस मौके पर शिक्षक रामअजोर मौर्य, अनिल कुमार, शिवनरायण यादव, उजमा नाजली, संध्या पांडेय व शीला वर्मा आदि मौजूद रहीं।