टांडा (अंबेडकरनगर)। प्रबंधक द्वारा विद्यालय से जुड़ी रही शिक्षिका के अपहरण मामले में नया मोड़ गया है। मंगलवार को शिक्षिका एक अधिवक्ता के साथ टांडा कोतवाली पहुंची। युवती ने अपने बयान में विद्यालय प्रबंधक को अपना मित्र बताया। कहा कि वह स्वेच्छा से उसके साथ गई थी।
प्रबंधक से शादी करने की भी बात कही, लेकिन उसने शादी का अभी कोई प्रमाण नहीं दिया है। कोतवाल ने शिक्षिका का बयान दर्ज करने के बाद अधिवक्ता के सुपुर्द कर दिया। इस मामले को लेकर टांडा कोतवाली में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। उधर युवती के भाई ने सीओ को तहरीर देकर अपनी बहन की सुरक्षा की मांग की है।
बीते सोमवार को शिक्षिका के भाई ने एक विद्यालय प्रबंधक पर अपनी बहन के अपहरण का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर छानबीन शुरु की तो घटना के चार दिन बाद युवती मंगलवार को एक अधिवक्ता के साथ टांडा कोतवाली पहुंच गई। बताया जाता है कि युवती ने कोतवाल रामलखन पटेल के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया।
कहा कि प्रबंधक हमारे मित्र हैं और मैने उनके साथ विवाह भी कर लिया है। मैं स्वेच्छा के साथ उनके साथ गई थी। फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाओं का माहौल गर्म है। कोतवाल ने बताया कि युवती ने अपना बयान दर्ज करा दिया है। मामले में छानबीन की जा रही है। उधर युवती के भाई ने सीओ केके मिश्र को प्रार्थना पत्र देकर बहन की सुरक्षा की मांग की है।