अंबेडकरनगर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अकबरपुर विकास कार्यालय परिसर में मंगलवार को ग्राम प्रधानों व ग्राम पंचायत अधिकारियों को वीवीपैट व ईवीएम के बारे में प्रशिक्षित किया गया। कहा गया कि प्रशिक्षण में मिली जानकारियों को गांव गांव जाकर गोष्ठियों व चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक करें।
अध्यक्षता कर रहे सीडीओ अनूप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पहली बार चुनाव आयोग ने भी बूथों पर ईवीएम के साथ ही वीवीपैट के माध्यम से मतदान कराने का निर्णय लिया है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार इसे लेकर जिले में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कहा कि 2008 बूथों पर ईवीएम व वीवीपैट के माध्यम से मतदान कराया जाएगा।
उन्होंने ग्राम प्रधानों व ग्राम पंचायत अधिकारियों से आह्वान किया कि प्रशिक्षण में मिलने वाली जानकारियों को वे संबंधित गांव में जाकर गोष्ठी व चौपाल लगाकर लोगों को ईवीएम व वीवीपैट के संचालन क बारे में विस्तार से जानकारी दें। लखनऊ से आए प्रशिक्षकों ने ग्राम प्रधानों व ग्राम पंचायत अधिकारियों को ईवीएम व वीवीपैट के संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान डीआईओएस विनोद सिंह, बीडीओ आदि मौजूद रहे।