आलापुर (अंबेडकनगर)। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरैया हरदो के ग्रामीणों ने मंगलवार को रामनगर विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर विद्युत बिल में गड़बड़ी को लेकर अधिशाषी अभियंता से शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग द्वारा दो माह का बिल 5 से 7 हजार के बीच भेज दिया गया है। इससे उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। तत्काल विद्युत बिल गड़बड़ी को दूर कराया जाए।
ग्रामीण वंशीलाल, मोतीलाल, रूबिया, गोदरा देवी, उषा, मीरा, चन्द्रकला व बृजलाल आदि ने मंगलवार को रामनगर विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। अधिशाषी अभियंता को दिए पत्र में बताया कि रामनगर विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारियों द्वारा उन सभी के विद्युत बिल में पैमाने पर लापरवाही बरती गई है।
दो माह का विद्युत बिल 5 से 7 हजार के बीच भेज दिया गया है। इससे उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में विद्युत बिल की गड़बड़ी को तत्काल दूर कराकर वास्तविक बिल भेजा जाए। ग्रामीणों ने बताया कि इसी तरह से आये दिन पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही कहीं न कहीं उजागर होती रहती है, इसके बावजूद विभाग द्वारा इन चीजों पर ध्यान नहीं दिया जाता।
एक्सईएन के निर्देश पर एसडीओ आनंद मौर्य ने विद्युत बिल गड़बड़ी को दूर कराए जाने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। एसडीओ ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के चलते यह दिक्कत हुई है। जल्द ही इसे सुधार दिया जाएगा।