अंबेडकरनगर। होली के मद्देनजर सभी को पूरी तरह मुस्तैद रहने की जरूरत है। प्रशासन व पुलिस टीम अपना काम पूरी गंभीरता से कर रही है। जरूरत है कि गणमान्य लोग भी इसमें अपना पूर्ण योगदान दें। होलिका दहन स्थल को लेकर यदि कहीं कोई विवाद हो तो उसे समय से निस्तारित करा लें। पर्व में किसी प्रकार का खलल न पैदा हो। डीएम ने आदर्श आचार संहिता का पालन कराने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिये। बैठक में अनुपस्थित विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता व अधिशाषी अभियंता को स्पष्टीकरण का नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
यह निर्देश रविवार को डीएम सुरेश कुमार ने कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक व पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में दिया। कहा कि 20 मार्च की रात होलिका दहन होगा तथा 21 मार्च को होली मनाई जाएगी। पर्व में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो, इसके लिए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम समय रहते करना होगा। उन्होंने सभी एसडीएम, सीओ व थानाध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में नजर रखने का निर्देश दिया। बताया कि 21 मार्च को मुस्लिम समाज के लोग हजरत अली साहब का जन्मदिन मनाएंगे। ऐसे में कहीं भी सांप्रदायिक माहौल न बिगड़े, इसका पूरा ख्याल रखा जाए।
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता व अधिशाषी अभियंता के अनुपस्थित होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। साथ ही दोनों अधिकारियों को स्पष्टीकरण का नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। नगर पालिका के अधिशाषी अभियंता को निर्देशित किया कि पर्व के मौके पर पेयजल व सफाई व्यवस्था बेहतर हो। एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने सभी थानाध्यक्षों से गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया।
डीएम ने जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने पर भी चर्चा की। कहा कि सभी एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ व एडीओ पंचायत क्षेत्र में भ्रमण कर आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के क्रम में तत्काल होर्डिंग व बैनर हटवाएं। इसमें कोई भी लापरवाही न बरती जाए। बैठक में एडीएम अमरनाथ राय, एएसपी अशोक कुमार राय, डीडीओ वीरेंद्र सिंह, डीपीआरओ रामआशीष चौधरी समेत हिंदू, मुस्लिम समाज से जुड़े लोग मौजूद रहे।