जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जैतपुर थाना क्षेत्र में लखमीपुर गांव के पास मंगलवार देर शाम एक युवक को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। कमर में गोली लगने से वह घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
जैतपुर थाना क्षेत्र के जोलहापुर गांव निवासी उमेश चौहान (30) पुत्र जियालाल मंगलवार दोपहर किसी कार्य से बंदीपुर गया हुआ था। देर शाम बाइक से वह घर लौट रहा था। बताया जाता है कि जब वह लखमीपुर गांव के पास पहुंचा, तभी एक बाइक पर सवार दो बदमाश ओवरटेक करते हुए आगे बढ़े और कुछ दूर जाने के बाद बदमाशों ने उसे रोक लिया।
इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, एक बदमाश ने उस पर फायर कर दिया। गोली युवक की कमर में लगी। गोली की आवाज सुनकर इर्दगिर्द मौजूद लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को आता देख बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर भाग खड़े हुए।
इस बीच मामले की जानकारी होने पर एसओ जैतपुर दयाशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना क्यों हुई और किसने अंजाम दिया, यह पता लगाया जा रहा है।