तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को कुचला, ट्रॉमा रेफर
अंबेडकरनगर। टांडा कोतवाली अंतर्गत चौक के निकट शनिवार देर शाम बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार पिकअप ने अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद बस्ती के कलवारी निवासी संदीप (28) पुत्र झिनकन शनिवार देर शाम बाइक से टांडा कोतवाली अंतर्गत चौक से घर जा रहा था। बताया जाता है कि कुछ दूर आगे बढ़ा ही था कि इसी बीच उधर से गुजर रहे पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
गंभीरावस्था में उसे पहले सीएचसी टांडा, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर करना पड़ा। वहीं अहिरौली थाना अंतर्गत सिंघवन निवासिनी मोहसिना बेगम (50) पत्नी मोहम्मद नईम रविवार सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई, जब वह घर के निकट सड़क पार कर रही थी। इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत नाउसांडा निवासी रामअशीष (32) पुत्र बलेशररविवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
टांडा कोतवाली अंतर्गत सूरापुर बाजार निवासी लालजी (38) पुत्र नंदलाल शनिवार देर शाम बाइक से टांडा से घर जाते समय बाजार के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां लालजी की हालत गंभीर बनी हुई है। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।