अंबेडकरनगर। यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का सबब बनती है। ऐसे में सभी लोगोें का उत्तरदायित्व है कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पूरी सावधानी से पालन करें। यह बातें मंगलवार को उप संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय से सड़क सुरक्षा सप्ताह के मौके पर यातायात जागरूकता बाइक रैली को रवाना करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय ने कहीं। उन्होंने कहा कि बढ़ती मार्ग दुर्घटनाएं हमारे शिक्षित व जागरूक समाज पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रही हैं।
एएसपी ने युवाओं से आह्वान किया कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करें। कहा कि मार्ग दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी करने पर ही होती हैं। ऐसे में जरूरत है कि सभी लोग सड़क पर जब वाहन लेकर या फिर पैदल निकलें तो यातायात नियमों का पालन जरूर करें।
कई बार पैदल चलने वाले लोग भी सड़क के दोनों तरफ देखने के बजाए अचानक सड़क पार करने लगते हैं। इससे भी हादसे हो जाते हैं। वाहन से हों तो सड़क पर मुड़ते समय आवश्यक संकेत देने के साथ ही दोनों तरफ देखें, और सावधानीपूर्वक मुड़े।
एआरटीओ केएन सिंह ने बगैर हेलमेट के बाइक व बगैर सीट बेल्ट के चार पहिया वाहन का प्रयोग न करने की सलाह दी। शराब पीकर या फिर नींद के दौरान वाहन न चलाने की अपील की। सड़क के किनारे बने यातायात संकेतों का बखूबी पालन करने को कहा।
उप संभागीय परिवहन कार्यालय से निकली यातायात जागरूकता बाइक रैली पटेलनगर तिराहा होते हुए टांडा रोड स्थित आरकेबीके पेट्रोल पंप तक गई। रैली में शामिल कर्मचारियों ने ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने का आह्वान किया। इस मौके पर टीएसआई सुधांशू वर्मा, डीबीए विनय पांडेय, अशोक चंद्र शुक्ल, नवदीप सिंह, याशिर हुसैन, लक्ष्मण सिंह, अरविंद आदि मौजूद रहे।