अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय खेल स्टेडियम में मंगलवार को जिला स्तरीय जूनियर बालक वर्ग हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें फाइनल मुकाबले में साकेत एकेडमी टीम ने जीत दर्ज कर ली। मुख्य अतिथि एसडीएम सदर अभिषेक पाठक ने खिलाड़ियोें को पुरस्कृत करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।
जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ ओलंपिक संघ के जिला सचिव डॉ. हनुमान प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हॉकी जैसे खेलों में युवाओं को आगे आने की जरूरत है। विशिष्ट अतिथि रामसकल यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को ज्यादा मौके दिए जाने होंगे।
बाद में डॉ. एके पब्लिक स्कूल अकबरपुर, साकेत एकेडमी टांडा, सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज अकबरपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय अफजलपुर, एकलव्य स्पोट़ॱरस स्टेडियम तथा डॉ. जीके जेतली इंटर कॉलेज शहजादपुर की टीमों ने प्रतियोगिता में भागीदारी की। फाइनल में भिड़ंत साकेत एकेडमी तथा डॉ. एके पब्लिक स्कूल के बीच हुई। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जुझारू प्रदर्शन किया, लेकिन साकेत एकेडमी की टीम ने एक के बाद एक पांच गोल दागकर जीत दर्ज कर ली। एके पब्लिक स्कूल की तरफ से सिर्फ एक गोल हो पाया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि एसडीएम सदर अभिषेक पाठक ने विजेता एवं उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इसमें विजेता टीम की तरफ से विद्यालय प्रबंधक प्रभाकर वर्मा के अलावा खिलाड़ी आयुष, प्रियांशु, अमित, सचिन, कुमेल, हिमांशु, अंकित, अनुराग, सुधांशु, अनिकेत, आदित्य व आतिफ को सम्मानित किया गया।
वहीं, उप विजेता टीम की तरफ से टीम मैनेजर रूपेश त्रिपाठी के अलावा खिलाड़ी यश, अमित, प्रशांत, अली रजा, प्रियांशु, अंश, रेहान, अभिषेक, आकाश, अली अब्बास, अली मेंहदी व प्रदीप कुमार को सम्मानित किया गया। जिला खेल अधिकारी नीरज मिश्र ने खिलाड़ियाें को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी। इस मौके पर तैराकी संघ के जिला सचिव मृत्युंजय सिंह, प्रशिक्षक शिल्पी गौतम, प्रज्ञा, मोहम्मद हसन व अविनाश आदि मौजूद रहे।