अंबेडकरनगर। देव इंद्रावती स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटेहरी में मंगलवार को चार दिनी अंतरमहाविद्यालीय खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ भाजपा जिला महामंत्री देव इंद्रावती ग्रुप ऑफ कॉलेज प्रबंधक डॉ राना रणधीर सिंह व निदेशक डॉ रंजना सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीपार्चन कर किया। खिलाड़ियों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया। कहा कि महाविद्यालय प्रशासन छात्र छात्राओं को ऐसे अवसर प्रदान कर रहा है, जिससे वह शिक्षा के अलावा खेल सहित अन्य प्रतिभाओं का प्रदर्शन खुलकर कर सकें।
मुख्य अतिथि डॉ राना रणधीर सिंह ने छात्र छात्राओं से खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आहवान किया। कहा कि सरकार युवाओं की प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में निखारने के लिए गंभीर है। महाविद्यालय प्रशासन भी छात्र छात्राओं को प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कटिबद्ध है। जरूरत है कि युवा सकारात्मक सोच के साथ अपने कैरियर की तरफ आगे बढ़ें।
संस्था निदेेशक डॉ रंजना सिंह ने छात्रों के साथ ही छात्राओं से भी खेल प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी करने का आहवान किया। कहा कि चार दिनी खेल महोत्सव का आयोजन करने के पीछे छात्र छात्राओं की खेल प्रतिभाओं को निखारना है। इससे पहले जिला महामंत्री व निदेशक ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीपार्चन व गुब्बारा छोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
रामदेव जनता इंटर कॉलेज समेत विभिन्न कॉलेजों के छात्रों ने भव्य मार्चपास्ट किया। संस्था सचिव राजेेश सिंह ने मार्चपास्ट की सलामी ली। खेल आयोजक डॉ आकाश श्रीवास्तव व उप प्राचार्य डॉ एबी सिंह ने बताया कि पहले दिन विभिन्न खेल आयोजित हुए। लंबी कूद में रामदेव जनता इंटर कॉलेज के छात्र विपिन यादव ने स्वर्ण पदक जीता।
इसके अलावा अरखापुर के विशाल को रजत व विवेक को कांस्य पदक मिला। इस मौके पर डॉ साधना श्रीवास्तव, डॉ नीता मिश्रा, डॉ अमित पांडेय, डॉ रवि सिंह, डॉ तेजभान मिश्र आदि मौजूद रहे। 6 फरवरी को क्रिकेट, वॉलीबाल, खो खो, एथलेटिक्स व जेबलिन थ्रो आदि प्रतियोगिताएं होंगी।