जल्द शुरू होगा 99 करोड़ से बना सौ शय्या अस्पताल
अंबेडकरनगर। करीब 99 करोड़ की लागत से निर्मित सौ शैय्या मातृ एवं शिशु विंग का संचालन एक पखवारे में शुरू हो जाएगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गत दिवस ही अस्पताल के लिए एनेस्थेटिस्ट व पैथालॉजिस्ट की तैनाती कर दी गई है। अधीक्षक के साथ ही स्त्री रोग विशेषज्ञ व चार चिकित्सकों समेत अन्य स्टॉफ की तैनाती जल्द ही होने की उम्मीद है। इसके साथ ही अस्पताल का संचालन होने से महिलाओं व बच्चों के इलाज में परिवारीजनों व मरीजों को राहत मिलनी शुरू हो जाएगी।
वर्ष 2014-15 में जिला अस्पताल परिसर में 98 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से सौ शैय्या वाले मातृ शिशु विंग के निर्माण को हरी झंडी शासन ने प्रदान की थी। लगभग छह माह पूर्व भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया। अस्पताल के संचालन शीघ्र प्रारंभ हो सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को पत्र भेजकर चिकित्सक व अन्य स्टाफ की तैनाती की मांग की थी। शुरुआत में अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य विभाग व निजी संस्था द्वारा किया जाना तय माना जा रहा था। बीते दिनों ही शासन ने निर्णय लिया कि मातृ शिशु विंग का संचालन अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा।
इसके लिए शासन से बीते दिनों एनेस्थेटिस्ट व पैथालॉजिस्ट की तैनाती कर दी गई। अधीक्षक के साथ ही चार मेडिकल आफीसर्स, एक स्त्री रोग विशेषज्ञ, एक रेडियोलॉजिस्ट के अलावा अन्य स्टॉफ की तैनाती भी शीघ्र ही होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एक पखवारे के अंदर अस्पताल का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। अस्पताल के संचालन से न सिर्फ महिलाओं, बल्कि बच्चों का समुचित इलाज संभव हो सकेगा। उन्हें इलाज के लिए इधर उधर की दौड़ नहीं लगानी होगी। इससे इलाज में महिलाओं व बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी।
एक पखवारे में शुरू हो जाएगा संचालन
जिला अस्पताल में लगभग 99 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार 100 शैय्या वाले मातृ शिशु विंग का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं। उम्मीद है एक पखवारे के अंदर अस्पताल का संचालन शुरू हो जाएगा। -डॉ. अशोक कुमार, सीएमओ