बजट से तीन लाख किसानों को राहत
अंबेडकरनगर। केंद्र सरकार के आम बजट ने किसानों की बाछें खिला दी हैं। दरअसल दो हेक्टेअर से कम भूमि वाले किसानों को 6 हजार रुपये प्रतिवर्ष देने की जो घोषणा की गई है, उसका लाभ जिले के लगभग 3 लाख किसानों को मिलना तय माना जा रहा है। किसानों ने इसे दूरगामी परिणाम वाला फैसला बताते हुए कहा कि निश्चित तौर पर ऐसे फैसलों से ही किसानों की दशा में सुधार होगा।
किसानों के साथ ही नौकरीपेशा वाले कर्मचारियों व अधिकारियों ने टैक्स छूट में सीमा को दोगुना किए जाने का बढ़ चढ़कर स्वागत किया है। कुल मिलाकर बजट का चहुंओर स्वागत देखने को मिला है। हालांकि रोजगार से लेकर काले धन आदि के मुद्दे पर जरूर लोगों को निराशा हाथ लगी है। किसानों का मानना है कि ऐसे ही फैसलों की जरूरत थी, जिसे अब सरकार ने लागू किया है।
कर्मचारियों व अधिकारियों के बीच इस बात की खुशी देखने को मिली कि टैक्स में छूट की सीमा बढ़ाकर दोगुनी कर दी गई है। छोटे व्यापारियों को जीएसटी में छूट के साथ ही भवन निर्माण सामग्रियों में भी टैक्स की दर कम होने का आमतौर पर स्वागत हुआ। बुजुर्ग मजदूरों को पेंशन तथा गोपालकों को 500 रुपये प्रतिमाह दिए जाने के निर्णय की भी सराहना हुई। हालांकि रोजगार व काले धन जैसे मुद्दों पर कोई प्रभावी एक्शन न लेने का मलाल भी युवाओं व अन्य लोगों के बीच देखने को मिला।