सब्सिडी के लिए भटक रहे 61 हजार घरेलू गैस उपभोक्ता
अंबेडकरनगर। जिले के 3 लाख 15 हजार रसोई गैस उपभोक्ताओं के सापेक्ष लगभग 61 हजार उपभोक्ताओं के खाते में सब्सिडी की धनराशि बैंक व संबंधित गैस एजेंसी की लापरवाही के चलते नहीं पहुंच रही। समय-समय पर इसकी शिकायत भी होती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। नतीजा यह है कि इसका खामियाजा संबंधित उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
रसोई गैस की कालबाजारी रोकने के लिए उपभोक्ताओं के खाते में सब्सिडी की राशि भेजे जाने की योजना का समुचित लाभ जिले के रसोई गैस उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा है। इसमें संबंधित बैंक व गैस एजेंसी की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। बताते चलें कि जिले में कुल 3 लाख 15 हजार रसोई गैस उपभोक्ता हैं। इसमें उज्ज्वला योजना के तहत 1 लाख 31 हजार 585 उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन दिया गया है। 1 लाख 83 हजार 415 आम उपभोक्ता हैं। उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन पाने वाले उपभोक्ताओं का शत-प्रतिशत खाता संबंधित बैंक व एजेंसी से लिंक तो हो गया है, लेकिन लगभग 10 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनके खाते में सुचारु रूप से सब्सिडी की राशि नहीं पहुंच रही।
सब्सिडी को लेकर सबसे अधिक समस्या सामान्य उपभोक्ताओं को हो रही है। बैंक व संबंधित गैस एजेंसी की लापरवाही के चलते अभी तक 1 लाख 83 हजार 415 उपभोक्ताओं का खाता बैंक व गैस एजेंसी से लिंक नहीं हो सका है। जिलापूर्ति विभाग के अनुसार लगभग 22 हजार उपभोक्ताओं का खाता लिंक नहीं हो सका है। ऐसे में ऐसे उपभोक्ताओं के खाते में तो सब्सिडी की राशि नहीं जा रही है, इसके अलावा भी लगभग 39 हजार उपभोक्ताओं के खाते में विभिन्न गड़बड़ियों के चलते सुचारु रूप से सब्सिडी की राशि नहीं पहुंच रही। इसकी शिकायत कई बार जिम्मेदारी अधिकारियों से की गई, लेकिन इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। नतीजा यह है कि इससे संबंधित उपभोक्ताओं को आर्थिक चपत लग रही है।
नहीं पहुंच रही सब्सिडी की राशि
हरीपुर निवासी रामजीत ने कहा कि लगभग पांच वर्ष से वह रसोई गैस उपभोक्ता हैं। उसका खाता गैस एजेंसी से लिंक है। सब्सिडी की राशि कभी उनके खाते में आती है, तो कभी नहीं आती। इसकी कई बार शिकायत भी जिम्मेदार अधिकारियों से की गई, लेकिन गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। केदारनगर के घनश्याम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बीते छह माह से उनके खाते में सब्सिडी की राशि नहीं आ रही। इसकी शिकायत संबंधित गैस एजेंसी में दर्ज भी कराया, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही दिया गया। अब तक योजना का लाभ नहीं मिल सका। इससे उन्हें आर्थिक चपत लग रही है। राबीबहाउद्दीनपुर के बसंत कुमार ने कहा कि दो वर्ष पहले ही उसने कनेक्शन लिया था। एक वर्ष तक तो लगातार सब्सिडी की धनराशि आई, लेकिन इसके बाद अनियमित हो गई। कभी आती, तो कभी नहीं आती। शिकायत दर्ज कराया, लेकिन कोई लाभ नहीं मिला।
दिए गए हैं निर्देश
सभी रसाई गैस उपभोक्ताओं के खाते में सुचारु रूप से सब्सिडी की धनराशि पहुंच सके, इसके लिए बैंक व गैस एजेंसियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सब्सिडी खाते में न पहुंचने जैसी कोई शिकायत उन तक नहीं आई है। यदि आती है, तो उसे दिखवाया जाएगा। -निलेश उत्पल, जिलापूर्ति अधिकारी