अंबेडकरनगर। करीब एक सप्ताह पूर्व आभूषण व्यवसायी की गोली मारकर की गई हत्या व लूट मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। चार अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस ने लूटे गए चांदी के 13 किलो आभूषण को भी बरामद करने का दावा किया है। चारों अभियुक्तों के पास से दो तमंचा, एक बाइक व 6 जिंदा कारतूस बरामद करने की सफलता पुलिस को मिली है। बाद में पकड़े गए बदमाशों को पुलिस ने मंडल कारागार फैजाबाद भेज दिया।
गौरतलब है कि गत 19 नवंबर की रात करीब 9 बजे जलालपुर के सराफा व्यवसायी रवि सोनी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनके पास मौजूद चांदी के जेवर लूट कर फरार हो गए। यह घटना उस समय हुई, जब रवि जौनपुर से आभूषण की खरीद कर जलालपुर लौट रहे थे। इस घटना के बाद न सिर्फ व्यापारियों में आक्रोश फैल गया, बल्कि पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
एसपी विपिन कुमार मिश्र ने मंगलवार को पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या व लूट की घटना में शामिल बदमाश गोविंद यादव व सुनील पांडेय उर्फ हरिगोविंद निवासी लोरपुर, थाना अखंडनगर, गनेश कुमार निवासी कनकपुर, थाना अखंडनगर, जिला सुल्तानपुर व परमेश कुमार सोनी नगपुर, कोतवाली जलालपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। इसमें गोविंद यादव व सुनील शूटर के रूप में शामिल हैं।
दोनों के पास से दो तमंचा, 6 कारतूस व एक बाइक बरामद की गई। छापेमारी में पुलिस टीम ने चारों बदमाशों के पास से लूटे गए चांदी के जेवर वजन 13 किलोग्राम बरामद किया है। गोविंद के विरुद्घ अखंडनगर थाने में भी अपराधिक मुकदमा दर्ज है। परमेश व गनेश ने बताया कि उन लोगों ने ही गोविंद व सुनील को जानकारी दी थी कि सराफा व्यवसायी प्रत्येक सोमवार को गहनों की खरीददारी करने जौनपुर जाता है, और काफी माल साथ लेकर आता है। घटना को अंजाम देने के लिए मालीपुर रेलवे स्टेशन पर उसकी पहचान भी कराई थी।