फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ठप हुई जिला अस्पताल को चौबीस घंटे विद्युत आपूर्ति सेवा, मरीज परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में मरीजों को चौबीस घंटे बिजली देने की योजना इन दिनों ठप पड़ गई है। जिला अस्पताल में लगा फीडर केबल में आई खराबी के चलते विद्युत आपूर्ति नही कर पा रहा। ऐसे में बीते लगभग एक माह से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत स्पेयर फीडर से जोड़कर अस्पताल को बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इस फीडर के ओवरलोड होने के चलते अस्पताल को औसतन 18 से 20 घंटे बिजली मिल पा रही। इससे कई बार सीटी स्कैन व एक्स रे मशीन बिजली न मिलने पर ठप हो जाती हैं। इन जांच के लिए आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को निराशा का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन

जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए बीते दिनों शासन ने अस्पताल को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का निर्णय लिया था। अस्पताल परिसर में ट्रांसफार्मर की स्थापना कर उसे कोटवा महमदपुर विद्युत उपकेंद्र से अंडर ग्राउंड केबल के द्वारा जोड़ दिया गया। 24 घंटा बिजली मिलने से एक तरफ जहां मरीजों व उनके तीमारदारों को विभिन्न प्रकार की मुश्किलों से राहत मिली, वहीं विभिन्न महत्वपूर्ण मशीनें भी सुचारु रूप से कार्य करने लगीं। इससे सीटी स्कैन व एक्स रे कराने वाले मरीजों की संख्या में भी वृद्धि होने लगी।
इस बीच लगभग एक माह पूर्व अंडर ग्राउंड केबल कई स्थानों पर जल गई। नतीजा यह हुआ कि जिला अस्पताल को 24 घंटे बिजली मिलने की सुविधा ठप हो गई। अस्पताल को बिजली उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए उसे अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र के स्पेयर फीडर से जोड़ दिया गया। यह फीडर पहले से ओवरलोड है। उपकेंद्र में आए दिन होने वाली खराबी व जर्जर हो चुके तारों व फीडर के ओवरलोड होने के चलते जिला अस्पताल को 24 घंटे बिजली मिलना कठिन हो गया। इससे एक तरफ जहां मरीजों व उनके तीमारदारों को विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आपूर्ति ठप रहने व समुचित वोल्टेज न होने से सीटी स्कैन व एक्स-रे मशीन भी कई बार ठप हो जाती हैैं। इससे अक्सर मरीजों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन



प्रशासन को नहीं है मरीजों की सुध
अकबरपुर के मरीज रामअवतार व सूरज ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल को सुचारु रूप से बिजली उपलब्ध हो सके, इसे लेकर पावर कॉर्पोरेशन अधिकारी व कर्मचारी गंभीर नहीं हो रहे। इससे अक्सर मरीजों को विभिन्न प्रकार की मुश्किलें उठानी पड़ती हैं। जलालपुर के राघवेंद्र व भीटी के सच्चिदानंद ने कहा कि जब से केबल में खराबी आई है, तब से जिला अस्पताल को 24 घंटे बिजली मिलना दूर, 18 घंटे भी नहीं मिल पाती। जो बिजली मिलती भी है, उसमें बार-बार ट्रिपिंग होती रहती है। इससे सीटी स्कैन व एक्स रे मशीनें सुचारु रूप से काम नहीं कर पातीं।


लगातार किया जा रहा पत्राचार
जिला अस्पताल में विशेष सुविधा के लिए जिस स्वतंत्र फीडर की स्थापना की गई है, वह पिछले कुछ दिनों से ठप पड़ा है। इस बारे में तीन-चार बार पत्राचार भी किया गया। पावर कॉर्पोरेशन की तरफ से सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा। विद्युत आपूर्ति ठप रहने के अलावा वोल्टेज संकट हो जाने से भी व्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं। जिन्हें सुचारु करने के प्रयास किए जाते हैं।
-डॉ. एसपी गौतम, सीएमएस


जल्द ही दूर होगी गड़बड़ी
अंडर ग्राउंड केबल में आई गड़बड़ी का पता लगा लिया गया है। उसे जल्द ही दुरुस्त करा दिया जाएगा। जिससे जिला अस्पताल में 24 घंटे आपूर्ति मिल सके। -एके यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें