अंबेडकरनगर। पीएम के मन की बात कार्यक्रम को लेकर कई दिनों से चल रही तैयारियों के बीच रविवार को कुढ़ा मोहम्मदगढ़ के ग्रामीणों को निराश होना पड़ा। प्रधानमंत्री ने महिलाओं, युवाओं व किसानों से राष्ट्रहित में आगे आने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि मन की बात कार्यक्रम के लिए देश के जिन 50 शहर व गांव का चयन किया गया था, उसमें अंबेडकरनगर जनपद के कुढ़ा मोहम्मदगढ़ का भी चयन किया गया था। सीधे प्रसारण के लिए रविवार को कार्यक्रम शुरू होने के निर्धारित समय से एक घंटा पहले सुबह दस बजे ही सांसद हरिओम पांडेय दलबल के साथ गांव पहुंच गए। पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक चले आयोजन के दौरान सांसद के साथ एसडीएम अकबरपुर अभिषेक पाठक व तहसीलदार गिरिवर सिंह टीम के साथ डटे रहे। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री उनसे सवाल-जवाब करेंगे, लेकिन ऐसा मौका आने की टकटकी ही वे लगाते रह गए। सीधे प्रसारण में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के मन की बात को पूरी गंभीरता से सुनी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए उनसे अपने पैरों पर खड़े होने का आह्वान किया। राष्ट्र की मुख्य धारा में शामिल होने का संदेश देने के साथ ही कहा कि युवाओं को भी अपनी जिम्मेदारी महसूस करनी होगी। राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों व किसानों को भी अपना अधिकतम योगदान देना होगा। इन सबके योगदान के बूते ही देश तेजी से प्रगति कर सकता है। उन्होंने शिक्षक की तरह लोगों को समझाया कि वे कैसे अपनी व समाज की प्रगति में योगदान दे सकते हैं। मन की बात कार्यक्रम में पीएम का संबोधन समाप्त होने के बाद सांसद हरिओम पांडेय ने सीधे प्रसारण में अपने विचार रखते हुए कहा कि इसका व्यापक संदेश ग्रामीणों के बीच जाएगा। प्रधानमंत्री के सीधे प्रसारण से जुड़ने का सौभाग्य अंबेडकरनगर को मिला। यह ही बड़ी उपलब्धि है।