अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद के तीन वार्डों सदरपुर, अमरौला व अहरिया की लगभग 12 हजार की आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अमृत योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने समेत अन्य कार्य अंतिम दौर में पहुंच गया है, जबकि सदरपुर में ट्यूबवेल की स्थापना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 2 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से 39 किमी लंबाई में बिछाई जाने वाली पाइपलाइन द्वारा ट्यूबवेल के माध्यम से शुद्ध पेयजल का लाभ शीघ्र ही संबंधित वार्ड के लोगों को मिलना प्रारंभ हो जाएगा।
अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में आने वाले लोगों को सुचारु रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके, इसके लिए नगर पालिका प्रशासन लगातार ठोस कदम उठा रहा है। बीते दिनों जब जलस्तर नीचे चले जाने से जब ज्यादातर हैंडपंप ने कार्य करना बंद कर दिया था, तो उस समय पेयजल संकट दूर करने के लिए जगह जगह सबमर्सिबल की स्थापना पालिका प्रशासन ने कराई थी। इसका व्यापक लाभ भी लोगों को मिला था। इसके अलावा लोरपुर, गौहन्ना व अहिराना में ट्यूबवेल की भी स्थापना कराई गई थी। इससे पेयजल का संकट काफी हद तक दूर भी हुआ था।
इस बीच अमृत योजना के तहत नगर पालिका परिषद के तीन वार्ड सदरपुर, अमरौला व अहरिया के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 39 किमी लंबाई में पाइपलाइन बिछाने, सदरपुर में ट्यूबवेल की स्थापना के लिए पालिका प्रशासन ने प्रस्ताव भेजा था। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद 2 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से तीनों वार्डों में योजना के तहत कार्य बीते दिनों प्रारंभ कर दिया गया। सदरपुर में ट्यूबवेल की स्थापना के साथ ही सदरपुर व अमरौला में पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी लगभग पूर्ण हो गया। अहरिया में पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। जलनिगम के लिपिक पीएल पांडेय ने बताया कि शीघ्र ही तीनों वार्डों में पाइपलाइन के बिछाए जाने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद ट्यूबवेल से कनेक्शन कर संबंधित वार्ड के लोगों को कनेक्शन द्वारा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराए जाने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
उपभोक्ताओं को शीघ्र मिलेगा कनेक्शन
अमृत योजना के तहत सदरपुर वार्ड में ट्यूबवेल की स्थापना के साथ ही सदरपुर व अमरौला में पाइपलाइन बिछाने का का पूर्ण कर लिया गया है। अहरिया वार्ड में भी शीघ्र ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद उपभोक्ताओं को कनेक्शन देने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। -सुरेश कुमार, अधिशाषी अधिकारी अकबरपुर नगर पालिका परिषद