ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर युवती की मौत
अंबेडकरनगर। सड़क हादसों में युवती व युवक की मौत हो गई। बसखारी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर पिता व बहन के साथ शॉपिंग करने स्कूटी से जा रही युवती को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
उधर सोमवार रात अकबरपुर नगर में अमरौला मोड़ के पास अज्ञात वाहन से कुचलकर बाइक सवार युवक ने दम तोड़ दिया। अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
बसखारी प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार को जलालपुर थाना क्षेत्र के टड़वा उजारी निवासी रामशबद अपनी पुत्री शालिनी व दीक्षा के साथ शॉपिंग करने बसखारी बाजार जा रहे थे। रास्ते में किछौछा चुंगी तिराहे के पास मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे तीनों गिर पड़े।
इसी बीच ट्रैक्टर से कुचलकर शालिनी (20) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। प्रभारी निरीक्षक बेचू सिंह यादव ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार अकबरपुर के अमरौला गांव निवासी हदीस अहमद (46) पुत्र नजर मोहम्मद सोमवार रात्रि बाइक से अकबरपुर से लौट रहा था। जब वह अमरौला मोड़ के निकट पहुंचा तो तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया।
टक्कर की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक चालक वाहन लेकर भाग गया। हदीस को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर फैजाबाद के महाराजगंज थाना अंतर्गत रानीबाजार निवासी करन (21) पुत्र वीरेंद्र मंगलवार सुबह बाइक से अकबरपुर जाते समय यादवनगर तिराहे के पास पिकअप की टक्कर से घायल हो गया।
उसे गंभीरावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से करन को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। महरुआ थाना अंतर्गत दांदूपुर गांव निवासी रामलौट (55) पुत्र हरिदेव सोमवार देर शाम बाइक से भीटी जाते वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया।
भीटी निवासी मोहम्मद सरताज (68) पुत्र हफीज मंगलवार सुबह घर के निकट सड़क पार करते वक्त बाइक की टक्कर से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सरताज की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि हादसे का शिकार हुए बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।