अंबेडकरनगर। वैवाहिक आयोजन में भाग लेकर बाइक से घर लौटते समय अनियंत्रित बाइक के पुलिया से टकराने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर थाना अंतर्गत मीरानपुर निवासी अनुराग कुमार राव (20) पुत्र चंद्रशेखर मंगलवार देर शाम जहांगीरगंज थाना अंतर्गत जहांगीरगंज में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने गया हुआ था। रात्रि लगभग नौ बजे अपने भांजे अमन के साथ जहांगीरगंज थाना अंतर्गत कोटिया अशरफपुर स्थित अपनी बहन के घर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह गांव के निकट पहुंचा, तो इसी बीच सिंचाई के लिए सड़क पर अस्थाई रूप से बनाए गए स्पीड ब्रेकर से बाइक अनियंत्रित हो गई। जब तक बाइक नियंत्रित करता, तब तक वह पुलिस से जा टकराई। इससे अनुराग को गंभीर चोटें आईं, जबकि अमन को मामूली खरोंच आई। दोनों को सीएचसी जहांगीरगंज ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने अनुराग को मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि अनुराग के पिता चंद्रशेखर सीएमओ कार्यालय में चालक के पद पर तैनात हैं। पुलिस ने शव को बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं भीटी थाना अंतर्गत भीटी निवासी जगराम (63) पुत्र रामपदारथ बुधवार सुबह उस समय जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया, जब वह घर के निकट सड़क पार कर रहा था। गंभीरावस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीरता देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर, अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत अकबरपुर नगर स्थित लोहिया भवन के निकट बुधवार पूर्वाह्न दो बाइक आमने सामने भिड़ गई। इसमें कोडना निवासी जयप्रकाश (35) पुत्र बहराइची व चांदपुर भटपुरा गांव निवासी गिरेंद्र (50) पुत्र रामअजोर घायल हो गए। सम्मनपुर थाना अंतर्गत रामनगर निवासी धर्मेंद्र (16) पुत्र इंद्रराज बुधवार सुबह बाइक से सम्मनपुर से घर जाते समय पलई कल्यानपुर गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। इसी प्रकार जहांगीरगंज थाना अंतर्गत जहांगीरगंज निवासी प्रदीप (28) पुत्र हनुमान मंगलवार देर शाम जहांगीरगंज में सड़क पार करने के दौरान जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।