अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 23 सड़कों के निर्माण को शासन ने हरी झंडी प्रदान कर दी है। एक सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली इन सड़कों से 3 लाख से अधिक की आबादी को सुचारु आवागमन में लाभ मिलेगा। दिसंबर 2019 तक संबंधित सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण हो सके, इसके लिए पीडब्ल्यूडी लोक निर्माण प्रांतीय खंड ने प्रक्रिया तेज कर दी है।
आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकारों द्वारा बड़े पैमाने पर सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इसमें प्रधानमंत्री सड़क योजना, सिंगल कनेक्टिवटी योजना, नाबार्ड योजना, एक बसावट को दूसरे बसावट से जोड़ने की योजना समेत अन्य कई प्रकार की सड़क निर्माण से जुड़ी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। अंबेडकरनगर जिले में भी इन योजनाओं का व्यापक लाभ दिया जा रहा है। एनएच 232 व एनएच 233 के अलावा अन्य कई प्रमुख मार्गों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। इस बीच नाबार्ड योजना के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 23 सड़क के निर्माण को गत दिवस प्रदेश सरकार ने हरी झंडी प्रदान कर दी।
पीडब्ल्यूडी लोक निर्माण प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता एचके ने बताया कि बीते दिनों लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 23 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। गत दिवस संबंधित सड़कों के निर्माण को शासन ने हरी झंडी प्रदान कर दी। शासन से संस्तुति मिलने के बाद संबंधित सड़कों का निर्माण कार्य दिसंबर 2019 तक पूर्ण हो सके, इसके लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। एक सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।
इन सड़कों का होना है निर्माण
अकबरपुर तहसील अन्तर्गत जमालपुर से कासिमपुर संपर्क मार्ग, रसूलपुर उसरी से महमूदपुर भटपुरा, सैदपुर भितरी संपर्क मार्ग, जलालपुर मार्ग पर करनापुर सिझौली संपर्क मार्ग, मैनपुरा संपर्क मार्ग, फूलपुर संपर्क मार्ग, अकबरपुर जलालपुर बनकटवा से टिकरिया संपर्क मार्ग, जलालपुर मार्ग पर कमालपुर संपर्क मार्ग, मरदापुर से इमामपुर, टांडा तहसील अन्तर्गत खेमपट्टी संपर्क मार्ग, छांगुरपुर मिश्रौलिया संपर्क मार्ग, बेलापरसा डिहवा संपर्क मार्ग, एनटीपीसी मुख्य गेट से करीबपट्टी बलरामपुर मार्ग, भोजपुर जैनापुर भिखारीपुर संपर्क मार्ग का निर्माण होना है। भीटी तहसील अन्तर्गत महरुआ मथानी दोस्तपुर संपर्क मार्ग, शिवलाल का पूरा संपर्क मार्ग, सरैया मुस्तफाबाद संपर्क मार्ग, भटौली संपर्क मार्ग, भौसिनपुर संपर्क मार्ग, बट्टूगढ़ लोनी संपर्क मार्ग, जलालपुर तहसील अन्तर्गत जलालपुर मार्ग से पठनिया संपर्क मार्ग, जलालपुर मार्ग से महियापार संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।
शीघ्र पूर्ण होगी टेंडर प्रक्रिया
नाबार्ड योजना के तहत शासन से 23 सड़कों के निर्माण को संस्तुति मिली है। लगभग 16 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली इन सड़कों का निर्माण शुरू हो सके, इसके लिए एक सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। -एसके लाल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड