जलालपुर (अंबेडकरनगर)। बाबा बरूआदास पीजी कॉलेज के प्रतिष्ठापूर्ण छात्र संघ चुनाव में कुंदन सोनी ने अध्यक्ष पद पर एकतरफा जीत दर्ज कर ली। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर भी बड़े अंतर से आकाश पांडेय को जीत मिली, जबकि महामंत्री पद पर शुभम तिवारी ने नजदीकी मुकाबले में बाजी मारी। वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर अविनाश यादव ने जीत दर्ज की।
कड़ी सुरक्षा में हुए चुनाव के बाद सभी विजयी पदाधिकारियों को महाविद्यालय परिसर में ही शपथ दिलाई गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने छात्र हितों के लिए सदैव सभी हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
बाबा बरूआदास पीजी कॉलेज में सोमवार को हुए छात्र संघ चुनाव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। कुल 2344 मतदाताओं के सापेक्ष 1237 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के कुछ ही देर बाद मतगणना शुरू कराई गई। 143 मत अवैध घोषित हुए।
गहमागहमी के बीच हुई मतगणना के बाद अध्यक्ष पद के लिए कुल चार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हुआ। कुंदन सोनी को सर्वाधिक 615 मत के साथ अध्यक्ष पद पर एकतरफा जीत मिली। निकटतम प्रत्याशी हर्ष सिंह को 310, जबकि अमन यादव को 221 तथा विशाल यादव को 44 मत प्राप्त हुए। ऐसे में कुंदन सोनी को 310 मतों से अध्यक्ष घोषित किया गया।
उपाध्यक्ष पद पर आकाश पांडेय ने त्रिकोणात्मक मुकाबले में विजय यादव को 76 मतों से पराजित कर दिया। इसमें आकाश पांडेय को 453, विजय यादव को 377, जबकि रवि गौड़ को 350 मत प्राप्त हुए। महामंत्री पद पर शुभम तिवारी ने जीत का परचम लहराया। उन्हें 630 छात्र-छात्राओं ने समर्थन दिया तथा रविशंकर को 571 मत ही मिल सके।
महामंत्री के लिए शुभम तिवारी को 59 मतों के अंतर से विजयी घोषित किया गया। वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के हुए चुनाव में अविनाश यादव को 136 को जीत मिली। वीरेंद्र मांझी को 80 मतों से ही संतोष करना पड़ा। इस तरह से अविनाश यादव ने वीरेंद्र माझी को 56 मतों से पराजित किया। इससे पहले उपमंत्री पद पर शुभम उपाध्याय व कला संकाय प्रतिनिधि पद दुर्गेश यादव निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
परिणामों की घोषणा होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने अबीर गुलाल उड़ाकर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया। प्राचार्य डॉ. एसबी सिंह व चुनाव अधिकारी डॉ. उमाशंकर यादव ने विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।