अंबेडकरनगर। जिला फुटबाल संघ की बैठक सोमवार को जिला मुख्यालय पर हुई। इसमें आगामी 26 नवंबर से प्रारंभ होने वाले अखिल भारतीय फुटबाल टूर्नामेंट को सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
जलालपुर विधायक रितेश पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संघ के सचिव गिरिजाशंकर सिंह ने विगत वर्ष आयोजित बाबू केबी सिंह मेमोरियल मैसी कप आल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। अध्यक्ष मोहम्मद अरशद खान ने बताया कि अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज मैदान में आगामी 26 नवंबर से 1 दिसंबर तक अखिल भारतीय फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। बताया कि इसमें चार टीमें प्रदेश स्तर, जबकि चार टीमें राष्ट्रीय स्तर की भाग लेंगी। तय किया गया कि मैच को लीग पद्धति से दो क्रीड़ा स्थलों पर कराया जाएगा। यह भी तय किया गया कि भारी भरकम बजट को कम किया जाएगा। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए प्रत्येक माह की 1 तारीख को संघ की बैठक किए जाने का भी निर्णय लिया गया। संघ की तरफ से एक टीम प्रतियोगिता में उतारे जाने की जिम्मेदारी विधायक रितेश पांडेय को सौंपी गई।
अध्यक्ष ने बताया कि प्रतियोगिता के नाम सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर संरक्षक व पूर्व विधायक पवन पांडेय से चर्चा के पश्चात अंतिम निर्णय लिया जाएगा। विधायक रितेश पांडेय ने कहा कि फुटबाल प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। इस दौरान सभाजीत वर्मा, प्रभात यादव, अली अस्करी नकवी, नवीन जान, सुधीर चतुर्वेदी, संजय पांडेय, ओपी श्रीवास्तव, विवेक मेहरोत्रा आदि मौजूद रहे।