अंबेडकरनगर। जिले के 23वें स्थापना दिवस पर लोहिया भवन ऑडिटोरियम शनिवार शाम प्रसिद्ध शायर डॉ. हरिओम के गीतों से गूंज उठा। एक शाम गजल के नाम से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी तादाद में लोगों ने शिरकत की। वक्ताओं ने ऐसे आयोजन की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि इस तरह के स्वस्थ आयोजन से आगे और भी बेहतर परंपरा का निर्वहन होगा।
जिले के नोडल अफसर एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. हरिओम ने शनिवार देर शाम लोहिया भवन परिसर में गजल की शानदार प्रस्तुति की। हारमोनियम पर जहां उनकी अंगुलियां कमाल कर रही थीं, वहीं गजल के तौर पर उनके उद्गार लोगों को भावविभोर कर रहे थे। मुख्य अतिथि सीडीओ उमेश नारायण पांडेय ने मां सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साकेत एकेडमी सूरापुर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति की। इसके बाद सभी को इंतजार था, जिले के डीएम रह चुके व प्रसिद्ध शायर डॉ. हरिओम की प्रस्तुति शुरू होने का। उन्होंने यह सिलसिला शुरू किया तो देर रात तक यह दौर चलता रहा। उन्हाेंने पढ़ा कि सवाल कितने उछाले तेरी तरफ हमने, किसी सवाल का कुछ तो जवाब पैदा कर। प्रसिद्ध गजलों में से एक के तौर पर उन्होंने जैसे ही पढ़ा कि मै तेरे प्यार का मारा हूं, सिकन्दर हूं मगर हारा हुआ हूं, पूरा लोहिया भवन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लोगों ने इसे भी खूब पसंद किया कि चांद निकले तो फिजाओं में अंधेरा कर दूं, रफ्ता रफ्ता इसी आलम में सवेरा कर दूं। तेरी मासूम निगाहाें की इजाजत हो अगर, जुल्फ की छांव में इक रात बसेरा कर दूं।
इससे पहले मुख्य अतिथि सीडीओ उमेश नारायण पांडेय ने डॉ. हरिओम की अद्वितीय प्रतिभा पर प्रकाश डाला। डॉ. हरिओम ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें उनकी साहित्य यात्रा के चलते देश विदेश में अभूतपूर्व सम्मान मिल रहा है। अध्यक्षता कर रहीं उर्मिला सुमन फाउंडेशन की अध्यक्ष रीता प्रकाश मणिकर्णिका ने कहा कि ऐसे आयोजन जिले के लिए गौरवपूर्ण हैं। इसे आगे भी जारी रहना चाहिए। आयोजक संस्था स्वरांजलि संगीत महाविद्यालय के अध्यक्ष अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि जनपद स्थापना दिवस के मौके पर ऐसे साहित्यिक आयोजन से नई परंपरा का विकास हुआ है। इसे और मजबूत बनाया जाएगा। आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. संजय वर्मा ने कहा कि स्वस्थ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन ही जिले का गौरव बढ़ाता है। ऐसे आयोजन में सफलता मिलना आगे के लिए सुखद संकेत है। इस मौके पर राजकीय मेडिकल कालेज सद्दरपुर के प्राचार्य डॉ पीके सिंह, एडीएम गिरिजेश त्यागी, एएसपी अशोक कुमार राय, सीएमओ डॉ अशोक कुमार, डीआईओएस विनोद कुमार आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
इनकी रही प्रमुख भागीदारी
कार्यक्रम में ओलंपिक एसोसिएशन जिला सचिव हनुमान सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता अंशू बग्गा, राजन सुमन, लोक गायिका प्रतिमा यादव, भाजपा नेता विमलेंद्र प्रताप सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण गुप्त आदि ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इन लोगों को आयोजन समिति की तरफ से सम्मानित भी किया गया।