महरुआ (अंबेडकरनगर)। पुलिस टीम पर हमला व वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने मुहिम तेज कर दी है। सोमवार रात व मंगलवार दिन में भी पुलिस व स्वाट टीम ने एक दर्जन से अधिक स्थानों पर छापा मारा। हालांकि पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।
गिरफ्तारी के भय से गिरदावरनगर व इर्दगिर्द के क्षेत्र के ज्यादातर पुरुष गांव छोड़कर भाग खड़े हुए हैं। उधर, हमले में गंभीर रूप से घायल डायल 100 के हेड कांस्टेबल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दो दिन पहले गिरदावरनगर तिराहा के निकट गोपीपुर निवासी अधेड़ रूदुल की अज्ञात चार पहिया वाहन से कुचलकर मौत हो गई थी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने न सिर्फ घटनास्थल पर मार्ग जाम कर दिया था, बल्कि डायल 100 सेवा के तीन सिपाहियों की पिटाई भी कर दी थी। डायल 100 व महरुआ थाने के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
ग्रामीणों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल डायल 100 के हेड कांस्टेबल रामबहादुर को जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी विपिन कुमार मिश्र के निर्देश पर 12 नामजद 65 अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। सभी पर सेवन क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट की भी कार्रवाई की गई।
इस बीच आरोपियों की धरपकड़ के लिए महरुआ पुलिस ने सोमवार रात व मंगलवार दिन में लगभग दर्जन स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस को कोई सफलता हालांकि नहीं मिली। एएसपी अशोक कुमार राय ने अविलंब गिरफ्तारी तय करने के निर्देश दिए हैं।