अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए दो अलग-अलग क्षेत्र में लगभग साढ़े सात लाख रुपये की लागत से दो ट्यूबवेलों की स्थापना की जाएगी। इसके लिए टेंडर होने के साथ ही एक स्थान पर बोरिंग का भी कार्य प्रारंभ हो गया। दोनों ट्यूबवेल के निर्माण से क्षेत्र के लगभग 13 हजार लोगों को शुद्ध व सुचारु पानी मिलेगा।
कुछ माह से अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। जलस्तर में कमी होने व पेयजल के लिए कनेक्शन की संख्या में वृद्धि होने से लोगों को सुचारु रूप से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। लगातार बढ़ती समस्या को दूर करने की मांग उठने लगी थी।
इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने बीते दिनों तीन स्थानों पर समर्सेबल की स्थापना कराकर पेयजल समस्या को दूर करने का प्रयास किया था। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में पेयजल समस्या बनी हुई थी। इस बीच नगर पालिका परिषद क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुचारु करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने दो बड़े ट्यूबवेल लगाने का निर्णय लिया।
नगर पालिका परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि मनोज गुप्ता गुड्डू ने बताया कि बीते दिन बोर्ड की बैठक में मालीपुर रोड स्थित बभनगवां मोहल्ला तथा मीरानपुर मोहल्ले के अहिराना में ट्यूबवेल की स्थापना को मंजूरी दी गई। 3 लाख 70 हजार रुपये की लागत से लगने वाले प्रति ट्यूबवेल के टेंडर प्रक्रिया भी बीते दिनों पूरी कर ली गई।
बताया कि मालीपुर रोड पर ट्यूबवेल की स्थापना का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जबकि मीरानपुर के अहिराना में भी एक सप्ताह के अंदर काम शुरू कर दिया जाएगा। दोनों ट्यूबवेल की स्थापना से लगभग 13 हजार लोगों को शुद्ध पेयजल का लाभ मिलेगा।
लोग बोले, मिलेगी राहत
मीरानपुर के जीतबहादुर व श्यामजी ने कहा कि कुछ दिनों से पेयजल समस्या का संकट गहरा रहा है। ट्यूबवेल की स्थापना से इसमें सुधार आएगा और क्षेत्र के लोगों को सुचारु पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। शहजादपुर के राजेंद्र व सुनील ने कहा कि ट्यूबवेल की स्थापना की सख्त जरूरत थी। नगर पालिका परिषद के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को सुचारु पेयजल मिलने की समस्या से राहत मिल सकेगी।
और लगवाए जाएंगे ट्यूबवेल
फिलहाल दो बड़े ट्यूबवेल की स्थापना की जा रही है। बभनगवां में कार्य प्रारंभ हो गया है, जबकि अहिराना में शीघ्र ही बोरिंग का काम शुरू हो जाएगा। इसके अलावा भी बनगांव रोड व दोस्तपुर रोड पर भी ट्यूबवेल की स्थापना कराने की योजना है।
- सरिता गुप्ता, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद अकबरपुर