अंबेडकरनगर। उपभोक्ताओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने सुविधाएं हाईटेक करना शुरू कर दिया है। जिले में स्थित उपसंभागीय परिवहन कार्यालय से जुड़ी 24 सेवाओं को विभाग ने ऑनलाइन कर दिया है। उपभोक्ता अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने को आवेदन करने के अलावा कई अन्य सुविधाओं का लाभ ऑनलाइन देने का निर्णय लिया है। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि अब उन्हें कार्यालय का चक्कर लगाने व लाइन में खड़े होने से निजात मिलेगी।
गौरतलब है कि उपसंभागीय परिवहन कार्यालय में लगातार वाहन स्वामियों की संख्या बढ़ रही है। इससे कार्यों को सुचारु निष्पादित करने में दिक्कत भी होती है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने अब कार्यालय से जुड़े कार्यों को ऑनलाइन करने की पहल शुरू कर दी है। पिछले कुछ दिनों से जहां उपभोक्ताओं को ऑनलाइन टैक्स जमा करने व डीएल बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा दी गई थी, वहीं अब अन्य कार्यों को भी ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है। उपसंभागीय परिवहन अधिकारी केएन सिंह ने बताया कि वाहनों से जुड़ी 24 सेवाओं को अब ऑनलाइन कर दिया गया है। इसमें पंजीयन प्रमाण पत्र की द्वितीय प्रति, स्वामित्व हस्तांतरण, पता परिवर्तन, अनापत्ति प्रमाण पत्र, नई परमिट, परमिट की दूसरी प्रति, परमिट नवीनीकरण, विशेष परमिट, नेशनल व ऑल इंडिया परमिट नवीनीकरण, शिक्षार्थी लाइसेंस, नया ड्राइविंग लाइसेंस, लाइसेंस की द्वितीय प्रति, लाइसेंस का नवीनीकरण व अंतरराष्ट्रीय ड्राइविंग परमिट समेत कुल 24 सेवाएं हैं।
एआरटीओ ने बताया कि इन सभी सेवाओं को ई डिस्ट्रिक पोर्टल से भी जोड़ दिया गया है। उपभोक्ता कॉमन सर्विस सेंटर, जनसेवा केन्द्र, लोकवाणी केन्द्र, जन सुविधा केन्द्र, ई सुविधा केन्द्र आदि के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। जानकारी दी कि 4.0 मॉडल के सभी वाहनों से संबंधित जानकारी व अन्य सेवाओं की सुविधा पूरी तरह से बंद कर दी गई है। इस मॉडल से जुड़ी जानकारी व अन्य सुविधाएं केवल ऑनलाइन की प्राप्त की जा सकेंगी। कहा कि उपभोक्ताओं को आवश्यक जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठाना होगा। विभाग इसके लिए आवश्यक प्रचार प्रसार भी करेगा।