अंबेडकरनगर। गणपत्ति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना जैसे भक्तिमय गीतों के बीच सोमवार देर रात भगवान गणेश की मूर्ति का विधिविधानपूर्वक विसर्जन कर दिया गया। इससे पहले डीजे की धुन पर बज रहे भक्तिमय गीतों पर थिरकते हुए श्रद्धालुओं ने जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जगह जगह शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा का जगह जगह श्रद्धालुओं ने रोककर भगवान गणेश की मूर्ति की न सिर्फ आरती उतारी, बल्कि पुष्पार्चन कर माथा टेका। इस दौरान भगवान गणेश के उद्घोष से समूचा माहौल भक्तिमय हो गया।
सोमवार पूर्वाह्न जिला मुख्यालय से लेकर अन्य शहरी क्षेत्रों में स्थित पूजा पंडालों में विशेष हवन-पूजन किया गया। इससे पहले सुबह पूजा पंडालों में विराजमान गजानन भगवान गणेश की आरती उतारी और विशेष पूजन-अर्चन कर न सिर्फ माथा टेका, बल्कि मोती चूर का लड्डू भी चढ़ाया। सोमवार देर शाम अकबरपुर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से भगवान गणेश की मूर्ति को भव्य रूप से सजे ट्रैक्टर-ट्रॉली रखकर शोभायात्रा निकली। सभी मूर्तियां मालीपुर रोड पर एकत्र हुईं। इसके बाद शोभायात्रा ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने जहां पुष्प वर्षा की, वहीं जगह-जगह शोभायात्रा रोककर भगणन गणेश की आरती उतारी। साथ ही विशेष पूजा-अर्चना की। देर रात शोभायात्रा पुराने तहसील तिराहा स्थित गायत्री मंदिर के निकट पहुंची और एक एक कर मूर्तियों को तमसा नदी में विधिविधानपूर्वक विसर्जित कर दिया गया।
टांडा प्रतिनिधि के अनुसार गणेश चतुर्थी पर्व पर नगर के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा सोमवार को निकली। चौक घंटाघर पर श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति के पदाधिकारियों ने भगवान गणेश की आरती कर सुख समृद्धि की कामना किया। नगर के घसियारी टोला, हनुमान गढ़ी, छज्जापुर, कस्ब, काजीपुरा सहित अन्य मोहल्लों में स्थापित भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा नगर के मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए चौक घंटाघर पहुंचा। यहां केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष विशाल मांझी, दिनेश कुमार मौर्य, राकेश गौड़, सुरजीत मद्धेशिया, राकेश सोनकर आदि के संयोजन में महाआरती का आयोजन हुआ। शोभायात्रा छज्जापुर होते हुए विसर्जन स्थल राजघाट पहुंचा। यहां पूजन-अर्चन के बीच भगवान गणेश की मूर्ति का विसर्जन किया गया। इसके अलावा जलालपुर, आलापु व भीटी तहसील क्षेत्रों में भी भव्य शोभायात्रा के बीच भगवान गणेश की मूर्ति को विसर्जित किया गया।
सुरक्षा के रहे कड़े प्रबंध
सोमवार को भगवान गणेश की मूर्तियों के विसर्जन व शोभायात्रा को सकुशल निपटाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। जिला मुख्यालय पर एएसपी अशोक राय व सीओ धर्मेंद्र सचान लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए थे। न सिर्फ शोभायात्रा के साथ भारी पुलिस बल चल रहा था, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। विसर्जनस्थल पर भी सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए थे। इसके अलावा संवेदनशील टांडा में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही थी। शोभायात्रा के मार्गों से लेकर विसर्जनस्थल तक भारी पुलिस बल व पीएसी की तैनाती की गई थी।