तथागत ने जेईई एडवांस में किया धमाकेदार प्रदर्शन
जेईई एडवांस में 53वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम किया रोशन
फोटो 22
संशोधित
अंबेडकरनगर। अकबरपुर निवासी तथागत वर्मा ने जेईई एडवांस परीक्षा में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 53 वीं रैंक प्राप्त की है। सफलता को लेकर उनके परिवारीजन तथा निकटवर्ती लोगों में खुशी का माहौल है। तथागत के पिता भी इंजीनियर हैं। तथागत ने अपनी सफलता का श्रेय परिवारीजनों के लगातार मार्गदर्शन को दिया है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मलेथू इमामपुर गांव निवासी तथागत वर्मा ने जेईई एडवांस परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। तथागत अपने परिवार के साथ मुंबई में रहता है, उसके पिता अरविन्द वर्मा मैकेनिकल इंजीनियर हैं, और मुंबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उसकी बड़ी बहन मुंबई से ही बीटेक कर रही है। गांव में रह रहे उनके बाबा पूर्व अर्थ एवं संख्या अधिकारी रामउजागिर वर्मा को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। रामउजागिर ने कहा कि तथागत शुरू से ही इंजीनियर बनना चाहता था। वह काफी मेधावी है। बड़े पिता द्वारिका प्रसाद वर्मा के मुताबिक तथागत को जेईई एडवांस परीक्षा में सीआरएल रैंक 53 मिली है। इससे पहले हुए जेईई मेंस में उसे 34 वीं रैंक मिली थी। उसके इस बेहतर प्रदर्शन पर परिवारीजनों व शुभचिंतकों ने खुशी का इजहार किया है। ग्राम प्रधान शेषमणि पाण्डेय, हरिप्रसाद सिंह, रघुनाथ वर्मा, बाबूराम व रामलोचन वर्मा ने कहा कि तथागत की इस सफलता से क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।