अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। भीटी तहसील क्षेत्र में लोकनिर्माण विभाग की सड़क पर फिर से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत काम कराकर धननिकासी कर लिए जाने के मामले में कार्रवाई के लिए डीएम ने प्रमुख सचिव लोकनिर्माण विभाग को पत्र भेजे जाने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बैच वन व टू की सड़कों का कार्य अधूरा होने पर योजना के सहायक अभियंता का वेतन रोके जाने के साथ ही स्पष्टीकरण मांगा गया। समय से कार्य न पूरा होने पर अधिशाषी अभियंता जलनिगम से भी स्पष्टीकरण मांगा गया।
गुरुवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने कड़े तेवर दिखाए। गत दिवस भीटी तहसील क्षेत्र में लोकनिर्माण विभाग की सड़क पर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत फिर से काम कराकर धननिकासी कर लिए जाने के मामले में डीएम ने प्रमुख सचिव लोकनिर्माण विभाग व अपर मुख्य सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन को दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने के लिए पत्र भेजे जाने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बैच वन व टू के तहत निर्माणाधीन सड़कों का कार्य अधूरा होने को लेकर डीएम ने योजना के सहायक अभियंता को कड़ी फटकार लगाई। उनका वेतन रोके जाने के साथ ही स्पष्टीकरण मांगा। पेयजल समीक्षा के दौरान बसखारी विकास खंड के कटोखर में कार्य अधूरा रहने के चलते अधिशाषी अभियंता जलनिगम से भी स्पष्टीकरण मांगा।
डीएम ने सीएमओ को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में रिक्त चल रहे चिकित्सकों व कर्मचारियों के पद पर तैनाती के लिए शासन को पत्र भेजा जाए। अस्पतालों में सभी दवाएं उपलब्ध होनी चाहिए। एंबुलेंस सेवा सुचारु होनी चाहिए। इसमें लाइफ सपोर्टर किट व ऑक्सीजन की कमी नहीं होनी चाहिए। अधिशाषी अभियंता विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में विद्युतीकरण का कार्य पूरा नहीं हुआ है, वहां ईद से पहले पूर्ण करा दिया जाए। रमजान माह में सुचारु बिजली उपलब्ध कराने में कोई भी लापरवाही न बरती जाए।