अंबेडकरनगर। जिले के 115 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लगभग 12 हजार छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा। जुलाई में विद्यालय खुलने पर उनके बैठने के लिए डेस्क-बेंच उपलब्ध रहेगी। दरअसल गत दिवस ही शासन से डेस्क-बेंच के लिए एक करोड़ 79 लाख 51 हजार 500 रुपये बेसिक शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराया गया है। विद्यालयों में जून के अंतिम सप्ताह तक डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था को सौंपी गई है।
गौरतलब है कि नई शिक्षा नीति के तहत परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को कान्वेंट की तर्ज पर सुविधाएं दिए जाने की घोषणा की गई थी। इसके तहत न सिर्फ शिक्षण कार्य में गुणवत्ता लाए जाने का निर्देश दिया गया था बल्कि बच्चों के लिए डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने का प्रावधान रखा गया। जिले में 520 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। इसके सापेक्ष 90 विद्यालयों में नए शिक्षासत्र में डेस्क-बेंच शासन से उपलब्ध हो गई थी। अब 115 और विद्यालयों में डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने का निर्णय गत दिवस शासन ने लिया था। इसके लिए गत दिवस ही शासन से बेसिक शिक्षा विभाग को प्रति विद्यालय एक लाख 56 हजार 100 रुपये की दर से एक करोड़ 79 लाख 51 हजार 500 रुपये उपलब्ध करा दिए गए।
प्रत्येक विद्यालय में तीन सीट वाले 35-35 डेस्क-बेंच उपलब्ध कराए जाएंगे। जून के अंतिम सप्ताह तक संबंधित विद्यालयों में डेस्क-बेंच की व्यवस्था हो सके, इसकी जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था एसएम ट्रेडर्स बहराइच को सौंपी गई है। विद्यालयों में डेस्क-बेंच पहुंचने से लगभग 12 हजार छात्र-छात्राओं को अब टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ने की मजबूरी से छुटकारा मिल जाएगा। अब वे भी कान्वेंट स्कूलों की तरह डेस्क-बेंच पर बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। जुलाई में जब ग्रीष्मावकाश के बाद जब बच्चे पढ़ने आएंगे तो उन्हें यह सुविधा मिलेगी।
जून के अंत तक हो जाएगी व्यवस्था
जिले के 115 उच्च प्राथमिक विद्यालयों को थ्री सीटेड 35-35 डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने के लिए शासन से एक करोड़ 79 लाख 51 हजार 500 रुपये उपलब्ध हुए हैं। विद्यालयों में डेस्क-बेंच पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था एसएम ट्रेडर्स बहराइच को सौंपी गई है। जून के अंतिम सप्ताह तक संबंधित विद्यालयों में डेस्क-बेंच पहुंच जाएगी। -अतुल कुमार सिंह, बीएसए