अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी के बीच जिला मुख्यालय पर पेयजल का संकट गहरा गया है। जलस्तर गिरने से जहां ज्यादातर साधारण हैंडपंप ने पानी देना कम कर दिया है, वहीं अकबरपुर नगर पालिका परिषद द्वारा की जा रही वाटर सप्लाई भी पूरी तरह बेपटरी हो गई है। नगर के ज्यादातर क्षेत्रों में जलापूर्ति लगभग ठप होने से लोगों को एक एक बाल्टी पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसकी शिकायत कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से की गई, लेकिन इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। इसका खामियाजा नगर की लगभग 50 हजार आबादी को भुगतना पड़ रहा है।
अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र के लोगों के समक्ष बीते कुछ समय से पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। दरअसल तापमान बढ़ने के साथ ही ज्यादातर साधारण हैंडपंपों ने या तो पानी देना ही कम कर दिया है या फिर प्रदूषित पानी दे रहे हैं। इससे नगर की लगभग 50 हजार की आबादी पूरी तरह अकबरपुर नगर पालिका परिषद द्वारा की जाने वाली जलापूर्ति पर निर्भर हो गई है। बीते कुछ दिनों से पालिका परिषद द्वारा जलापूर्ति भी पूरी तरह बेपटरी हो गई है। अकबरपुर फैजाबाद मार्ग, रसूलपुर हौजपट्टी, बौद्धविहार कॉलोनी, तमसा मार्ग, मीरानपुर, पेवाड़ा, मुरादाबाद, बनगांव रोड क्षेत्रों में जलापूर्ति लगभग पूरी तरह ठप है। पानी के आने जाने का कोई समय ही नहीं रह गया है। यदि आता भी है, तो कुछ ही देर बाद आपूर्ति बंद हो जाती है। अन्य क्षेत्रों में भी पेयजल आपूर्ति पर असर पड़ा है। नतीजा यह है कि एक एक बाल्टी पानी के लिए लोगों को इधर-उधर भटकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
सुचारु रूप से नहीं मिल रहा पानी
अकबरपुर के सलीम व मनोज ने नाराजगी जताते हुए कहा कि भीषण गर्मी में जब पानी की अधिक आवश्यकता है, तो ऐसे में समय में सुचारु ढंग से पानी नहीं उपलब्ध हो पा रहा है। कहा कि इसकी शिकायत गत दिवस नगर पालिका प्रशासन से की गई थी, लेकिन अब तक इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा सकी। सौरभ व रामजी ने कहा कि दरअसल कनेक्शन ज्यादा हो गया है, लेकिन उसके सापेक्ष पाइप लाइन नहीं बदली गई है। इसके चलते सुचारु जलापूर्ति नहीं हो पा रही है।
कनेक्शन बढ़ने से उत्पन्न हो रही समस्या
पिछले कुछ दिनों में पेयजल आपूर्ति के कनेक्शन अधिक होने के चलते कुछ समस्या आ रही है। शीघ्र ही फैजाबाद रोड, इंद्रलोक कॉलोनी व सिझौली में नए ट्यूबवेल की स्थापना कराई जाएगी। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है। -सुरेश कुमार मौर्य, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अकबरपुर