अंबेडकरनगर। योजनाओं का पात्रों को सुचारु ढंग से लाभ मिल सके, इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेददारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ करना होगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बातें सोमवार देर शाम 30वें जिलाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण करने पहुंचे नवागत जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने कही।
जिले के 30वें जिलाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण करने के लिए सोमवार देर शाम सुरेश कुमार कलेक्ट्रेट पहुंचे। ट्रेजरी कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण करने के बाद प्रेस से मुखातिब नवागत डीएम ने कहा कि योजनाओं का समाज के अंतिम लोगों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता में शामिल होगा। केंद्र व प्रदेश सरकार की अतिमहत्वाकांक्षी योजनाओं का समुचित लाभ पात्रों को मिल सके, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाद में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देशित किया कि जिले में निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए। निर्माण में मानक का पूरा ध्यान रखा जाए। योजनाओं का पात्रों को अधिकाधिक लाभ मिले, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
कानपुर के मूल निवासी सुरेश कुमार 1986 बैच के पीसीएस हैं। 2005 में आईएएस का दर्जा पाने वाले सुरेश कुमार पूर्व में अकबरपुर व जलालपुर तहसील में एसडीएम के पद पर कार्य चुके हैं। वर्ष 1989 में वे अविभाजित फैजाबाद जनपद के दौरान अकबरपुर तहसील में प्रशिक्षु एसडीएम के तौर पर तैनात हुए थे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद नई बनी जलालपुर तहसील के वे एसडीएम बनाए गए थे। सुरेश कुमार अंबेडकरनगर में कार्यभार ग्रहण करने से पहले श्रम विभाग लखनऊ में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थे।