अंबेडकरनगर। जिले के 82 सहायता प्राप्त विद्यालयों के कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के लगभग 65 हजार छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी है। परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की तरह अब उन्हें भी शासन से निशुल्क जूते-मोजे मिलेंगे। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने शासन को 65 हजार 668 छात्र-छात्राओं का ब्यौरा शासन को भेज दिया है।
परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की तरह अब सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों को भी निशुल्क जूते व मोजे मिलेंगे। मौजूदा समय में जिले में 82 सहायता प्राप्त विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इसमें लगभग 65 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। शासन के इस निर्णय के बाद इन बच्चों को शीघ्र ही जूते-मोजे का लाभ मिल सके, इसके लिए बीते दिन बेसिक शिक्षा विभाग ने शासन को छात्र-छात्राओं की संख्या शासन को भेज दी है। विद्यार्थियों को समय रहते जूते-मोजे मिल सकें, इसके लिए इस वर्ष शासन ने इसकी जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सुजामा एलेक्ट्रो इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड उन्नाव को सौंपी है।
गौरतलब है कि परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को एमडीएम, दूध, फल व ड्रेस के अलावा गत वर्ष शासन ने निशुल्क जूते व मोजे उपलब्ध कराए जाने का निर्णय लिया था। शासन के इस निर्णय से जिले के 1873 परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे 1 लाख 79 हजार 213 छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई थी। दरअसल ज्यादातर छात्र-छात्राएं चप्पल पहनकर ही विद्यालय जाते थे। छात्र-छात्राओं को जूते व मोजे उपलब्ध कराने के लिए शासन ने कार्यदायी संस्था लिबर्टी कंपनी करनाल हरियाणा को जिम्मेदारी सौंपी थी। कंपनी ने 1873 परिषदीय विद्यालयों के कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के 1 लाख 79 हजार 213 छात्र-छात्राओं में जूते व मोजे का वितरण किया था।
बदले जाएंगे 20 हजार से अधिक जूते
वर्ष 2017-18 में कार्यदायी संस्था लिबर्टी कंपनी करनाल हरियाणा ने जिन 1 लाख 79 हजार 213 छात्र-छात्राओं में जूतों का वितरण किया था, उसमें से ज्यादातर के जूते फट गए हैं। गत दिवस शासन ने ऐसे छात्र-छात्राओं की संख्या मांगी थी, जिनके जूते फट गए थे। शासन के निर्देश पर गत दिवस बेसिक शिक्षा विभाग ने 20 हजार 33 जोड़ा जूता खराब होने की सूचना शासन को उपलब्ध करा दी। अब शीघ्र ही संबंधित कंपनी द्वारा इन्हें नया जूता उपलब्ध कराया जाएगा।
शीघ्र मिलेगी सुविधा
शासन के निर्देशानुसार 82 सहायता प्राप्त विद्यालयों के कक्षा 1 से 8 तक के 65 हजार छात्र-छात्राओं की संख्या शासन को भेज दी गई है। शीघ्र ही नामित कार्यदायी संस्था द्वारा छात्र-छात्राओं को जूते व मोजे उपलब्ध करा दिए जाएंगे। -अतुल कुमार सिंह, बीएसए