अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के चार गिरफ्तार
अंबेडकरनगर। टांडा पुलिस व स्वॉट टीम को वाहन चोरों के अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता मिली। पकड़े गए चार बदमाशों में से एक 12 हजार का इनामी बदमाश भी है। बदमाशों के कब्जे से चोरी की एक जीप व 13 बाइक बरामद हुई।
टांडा कोतवाली पुलिस को शनिवार देर शाम जानकारी मिली कि वाहन चोरों का गिरोह हंसवर की तरफ से टांडा आ रहा है। इस पर कोतवाल बृजेश मिश्र व स्वॉट टीम प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने महादेवा मोड़ पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद ही हंसवर की तरफ से एक जीप आती दिखी। पुलिस टीम को देखकर बदमाश जीप मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। इस पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर जीप को रोक लिया।
रविवार को पुलिस लाइन में एसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया वर्ष 2010 का 12 हजार का इनामी बदमाश रमेश कुमार निवासी रहीमपट्टी थाना टांडा हाथ लगा है।
इसके अलावा रामधनी मौर्य निवासी महाय जमुनीपुर अकबरपुर, उमेश निवासी कोटवा महमदपुर अकबरपुर व रमेश निवासी बहरोजपुर थाना टांडा को गिरफ्तार किया गया है। चारों बदमाशों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
एसपी ने बताया कि बदमाशों के कब्जे से एक चोरी जीप व निशानदेही पर चोरी की 13 बाइक बरामद हुई। बदमाशों ने बताया कि वे पहले रेकी करते थे, इसके बाद वाहन चोरी करते थे। कुछ दिन तक वाहन रखने के बाद उसे बेच देते थे।