अधिक उत्पादन के नाम पर 200 किसानों से ठगी
अंबेडकरनगर। बढ़िया उपज के नाम पर शोधित धान बीज की बिक्री में बड़ी धांधली सामने आई है। 200 से अधिक किसानों ने कृषि विभाग को शिकायती पत्र देकर धान बीज के नाम पर ठगे जाने की शिकायत की है।
बताया गया कि लगभग 500 बीघा फसल पर इसका सीधा असर पड़ा है। किसानों के मुताबिक विभिन्न दुकानों से धान बीज खरीद कर जो रोपाई की गई थी, उसमें दाने ही नहीं पड़े। नाराज किसानों ने ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
कृषि विभाग ने रसीद के आधार पर लगभग आधा दर्जन दुकानदारों को नोटिस भी जारी कर दी है।खरीफ फसल के समय जिले के विभिन्न बीज भंडारों पर कई प्रजाति के धानों की बिक्री की गई।
इसमें बड़े पैमाने पर एक ऐसे धान बीज की बिक्री कर दी गई, जो यहां की जलवायु के अनुकूल ही नहीं है। इस बीच विभिन्न प्रजाति के धान पककर तैयार हो गए। अधिकांश की मड़ाई आदि का कार्य भी पूर्ण हो गया।
हालांकि जिन किसानों ने सुमन 99 प्रजाति व माधुरी प्रजाति के धान की रोपाई की है, उनकी फसल में अब तक बाली ही नहीं आई है। किसानों की मानें तो बीज देते समय उन्हें जो विवरणिका दी गई थी, उसमें धान के उत्पादन का समय 125 से 130 दिन दिया गया था।
यह अवधि समाप्त हो चुकी है, लेकिन अब तक फसल में बाली आने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। उन लोगों ने इस प्रजाति की खेती इसलिए की थी क्योंकि इसमें ज्यादा उत्पादन का दावा किया गया था।
किसानों ने अब कृषि विभाग से पूरे प्रकरण की शिकायत की है। विभाग ने आधा दर्जन ऐसे दुकानदारों को नोटिस जारी किया है, जिनसे प्राप्त धान बीज की रसीद किसानों ने शिकायत के साथ लगायी थी।
विभाग ने कहा है कि जो अन्य किसान शिकायत के साथ रसीद लगाएंगे, उन दुकानदारों को भी नोटिस जारी होगी।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ धर्मराज सिंह ने बताया कि जिन किसानों ने धान खरीद की रसीद शिकायत के साथ लगाई थी, उन दुकानदारों को नोटिस जारी कर दी गई है। जवाब आने के बाद मौके की जांच कराई जाएगी। मामले में किसानों के हितों की अनदेखी नहीं होगी।