कार्यशैली में लाना होगा और सुधार : एएसपी
अंबेडकरनगर। पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को एएसपी ने यूपी 100 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया। कहा कि सेवा से जुड़े पुलिसकर्मियों को अपनी कार्यशैली में और सुधार लाना होगा। पीड़ित को त्वरित न्याय मिल सके, इसके लिए उन्हें रणनीति बनानी होगी।
एएसपी ओपी सिंह ने सुझाव दिया कि प्रयास करें कि पीड़ितों को बार-बार किसी एक समस्या के लिए न भटकना पड़े। सुलह-समझौते के आधार पर समस्याओं का निस्तारण कराने पर जोर दें। पीड़ितों को पुलिस के सामने अपनी बात रखने में भय न महसूस हो ऐसा माहौल बनाएं।
दोषियों व अपराधियों पर नकेल कसने में और तेजी दिखाएं। प्रभारी सोमेश्वर सिंह ने पुलिसकर्मियों को सुझाव दिया कि सूचना मिलने पर शहर के घटना स्थल पर 15 मिनट व ग्रामीण क्षेत्रों में 20 मिनट के अंदर पहुंचना सुनिश्चित करें। इस मौके पर विनोद कुमार, घनश्याम, रणविजय व रामजीत आदि मौजूद रहे।