अंंबेडकरनगर। जनपद के 1125 मतदान केंद्र व 1898 मतदेय स्थल पर सुरक्षा का अभेद कवच तैयार किया जा रहा है। क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों पर अर्द्धसैनिक बलों के जवानों के साथ पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। 17 कंपनी अर्द्धसैनिक बलों के साथ ही कुल 15 हजार पुलिसकर्मी चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
25 मई को होने वाले मतदान में 18 लाख 57 हजार 40 मतदाता मतदान करेंगे। इसमें 8,89,800 महिला और 9,67,234 पुरुष, 16232 दिव्यांग और 13114 बुजुर्ग मतदाता मतदान करने पहुंचेंगे। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम करने मेंं जुट गया है। सुरक्षा का कड़ा घेरा तैयार किया जा रहा है। इसके लिए गैरजनपद से आए 17 कंपनी अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ ही 400 सबइंस्पेक्टर, 3800 कांंस्टेबल व 3800 होमगार्ड चप्पे-चप्पे पर तैनात किए जाएंगे। कुल 15 हजार पुलिसकर्मी चुनाव से जुड़़ी व्यवस्था पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से नजर रखेंगे।
23 मई से शुरू होगी निगरानी
जनपद की सीमाओं पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। हर आने जाने वाले वाहन को गहनता से जांच पड़ताल के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। 23 मई से जनपद की सीमा के भीतर केवल जरूरी मालवाहक वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे। अन्य भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
10 हजार कैमरे रखेंगे नजर
पुलिस लाइन में आधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्राेल सेंटर की स्थापना की गई है। इसे जनपद के 19 थानों समेत 10 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों से जोड़ा गया है। चुनाव के दौरान यहां 24 घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है, जो संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित थानों व उच्चाधिकारियों को तत्काल देंगे। इससे चुनाव से जुड़ी एक एक गतिविधि को तत्परता के साथ दिखवाया जा सकेगा।
18 क्यूआरटी रहेंगी गतिमान
जनपद में 18 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) लगाई गई है। जो गतिमान रहेगी। किसी प्रकार की अनहोनी की जानकारी मिलते ही वह तत्काल उक्त स्थल पर पहुंचेगी। पूर्व के चुनाव में जिन मतदान केंद्रों पर किसी प्रकार का बवाल हुआ है। उनको अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रोंं की सूची में रखा गया है। इन मतदान केंद्रों पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी।
अभेद सुरक्षा के इंतजाम
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैंं। 17 कंपनी अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ कुल लगभग 15 हजार पुलिसकर्मियों को सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था में तैनात किया जाएगा। - डाॅ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक