अंबेडकरनगर। जिले के 1582 परिषदीय स्कूलों में शुक्रवार से 15 दिन के लिए शीतकालीन छुट्टी घोषित की गई है। अब 15 जनवरी को परिषदीय स्कूल पुन: खुलेंगे। शीतलहर को देखते हुए होने वाली इस छुट्टी का लाभ परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले करीब सवा दो लाख बच्चों को मिलेगा। ठंड से नौनिहालोें को बचाने के लिए सरकार की ओर से 15 दिवसीय शीतकालीन छुट्टी करने का निर्णय पूर्व में लिया गया था। इसके तहत शुक्रवार से जिले के परिषदीय स्कूलों में 15 दिनों के लिए अवकाश रहेगा।
कड़ाके की ठंड से बच्चों को बचाने के लिए प्रदेश सरकार ने शीतकालीन छुट्टी करने का निर्णय पूर्व में लिया था। इसी क्रम में अब शुक्रवार से जिले के सभी 1582 उच्च प्राथमिक व प्राथमिक विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है। इसमें 1062 प्राथमिक, 237 उच्च प्राथमिक व 283 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। परिषदीय स्कूल अब आगामी 15 जनवरी को खुलेंगे। परिषदीय स्कूलों में अवकाश होने पर जहां बच्चों व शिक्षकों ने खुशी का इजहार किया है, वहीं अभिभावकों ने भी सरकार के इस निर्णय को सराहनीय कदम बताया है। कहा कि कड़ाके की ठंड में शीतलहर की छुट्टी करना बच्चों के लिए बेहतर है। कड़ाके की ठंड में वैसे ही सरकार को बार-बार अवकाश की घोषणा करनी पड़ी थी। इससे शिक्षकों व बच्चों दोनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में अब एक साथ 15 दिन का अवकाश कर दिए जाने से ठंड में स्कूल आने-जाने से फुर्सत मिलेगी।
अकबरपुर नगर निवासी सीताराम व जवाहिर ने कहा कि शीतलहर की छुट्टी बच्चों के हितों को देखते हुए जरूरी थी। सरकार के इस निर्णय से बच्चों को ठंड के कहर से बचाया जा सकेगा। एक तरफ कोरोना का खतरा दूसरी तरफ ठंड का। ऐसे में बच्चों की सेहत को लेकर किसी तरह का खिलवाड़ किया जाना भी उचित नहीं है। बच्चों के हितों की सुरक्षा को देखते हुए सरकार का यह निर्णय सराहनीय है। अभिभावक राधेश्याम व राजू ने भी सरकार के इस फैसले को उचित बताया।
निर्देशों का कराया जाएगा पालन
शासन के निर्देश पर परिषदीय स्कूलों में 15 दिन का शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है। 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक विद्यालय बंद रहेंगे। 15 जनवरी से सभी परिषदीय स्कूल निर्धारित समय पर खुलने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों का पालन कराया जाएगा।
-भोलेंद्र प्रताप सिंह, बीएसए