रहस्यमय हालात में मासूम भाई-बहन की मौत, कोहराम
जलालपुर। थाना क्षेत्र सम्मनपुर के बड़ेपुर में रहस्यमय हालात में भाई-बहन की मौत हो गई। मंगलवार आधी रात के करीब अचानक पेट में दोनों को दर्द होने लगा। परिवारीजनों ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को नगपुर सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया लेकिन कुछ ही देर में दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना से परिवारीजनों में चीख-पुकार मच गई। माना जा रहा है कि दोनों की मौत सर्पदंश के चलते हुई।
बड़ेपुर निवासी रमेश कुमार के परिवार में उस समय हड़कंप मच गया जब रात करीब 12 बजे बरामदे में एक चारपाई पर सो रहा उनका 11 वर्षीय पुत्र शिवांश व छह वर्षीय पुत्री सुप्रिया चीखने-चिल्लाने लगी। परिवारीजन पास पहुंचे तो दोनों ने बताया कि उनके पेट में दर्द हो रहा है और चक्कर आ रहा है। चीखने-चिल्लाने की आवाज पास-पड़ोस के लोगों तक पहुंची तो बड़ी संख्या में महिला व पुरुष मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को नगपुर सीएचसी पहुंचाया गया। बताया जाता है कि वहां प्राथमिक उपचार शुरू होने के साथ ही दोनों के मुंह से झाग आने लगा। कुछ ही देर बाद दोनों ने दम तोड़ दिया। इससे परिवारीजनों में चीख-पुकार मच गई। यूं तो प्रत्यक्ष तौर पर मौत का कोई कारण स्पष्ट नहीं हो सका लेकिन आमतौर पर माना जा रहा है कि बच्चों की मौत सर्पदंश से हुई। चार भाई बहनों में शिवांशु इकलौता पुत्र था। रमेश को तीन बेटियां थीं जिनमें अंजली सबसे बड़ी 18 वर्ष व रिया 15 वर्ष है। सुप्रिया सबसे छोटी थी। इस बीच शिवांशु व सुप्रिया की मौत से न सिर्फ परिवार में कोहराम मचा है बल्कि गांव में भी मातम का माहौल है।
परिवारीजनों ने किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई की जरूरत नहीं महसूस की। बाद में दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर नगपुर सीएची में दोनों बच्चों का उपचार करने वाले चिकित्सक ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। दोनों बच्चे अंत तक पेट दर्द व प्यास लगने की बात बताते रहे। पोस्टमार्टम कराने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकती थी।