रंजिश में धारदार हथियार से युवक पर हमला
पीड़ित की तहरीर पर छानबीन में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
हंसवर। रंजिश में एक युवक पर कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र हंसवर अंतर्गत मेढ़ी सुलेमपुर गांव निवासी अखिलेश (20) पुत्र गुलाबचंद्र शनिवार देर शाम बाइक से हंसवर से घर जा रहा था। आरोप है कि जब वह फैजान का पूरा का गांव के निकट पहुंचा तो वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। युवक जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्रता करने लगे। अखिलेश ने जब इसका विरोध किया तो युवकों ने न सिर्फ लाठी-डंडे बल्कि धारदार हथियार से भी हमला कर दिया। इससे अखिलेश को कई जगहों पर चोटें आईं। गुहार पर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग खड़े हुए। बाद में पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ त्रिभुवन प्रसाद वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। आवश्यक छानबीन की जा रही है। बताया जाता है कि तीन पहले मेढ़ी सुलेमपुर गांव में अखिलेश के एक रिश्तेदार के वहां वैवाहिक आयोजन था। इसी बीच फैजान का पूरा गांव के कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया था। यूपी 100 पर सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था।