संदिग्ध हालात में गोली लगने से युवक की मौत
ननिहाल में छत पर मिला शव, सनसनी
फारेंसिक टीम ने की मौके की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
टांडा। कोतवाली अंतर्गत चिंतौरा के चौथइया का पुरवा में रविवार सुबह एक घर की छत पर ननिहाल में रह रहे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के निकट ही एक पिस्टल, मैग्जीन, खोखा व जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फारेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक छानबीन की।
रविवार पूर्वाह्न चौथइया का पुरवा निवासिनी एक महिला घर की छत पर कपड़ा डालने पहुंची तो उसकी निगाह बगल के खाली पड़े घर की छत पर ननिहाल में रह रहे पिंटू (23) पुत्र सूर्यलाल का शव पड़ा दिखाई दिया। उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल जिला पंचायत सदस्य मौके पर पहुंचे। मृतक के मामा सुरेश वर्मा पुत्र भीखा की सूचना पर मौके पर सीओ वीके श्रीवास्तव व कोतवाल मनोज पंत दलबल के साथ पहुंचे। छानबीन में शव के निकट ही पिस्टल, खोखा व जिंदा कारतूस बरामद हुआ। फारेंसिक टीम के सदस्य संतोष श्रीवास्तव व गौरव सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर फिंगर प्रिंट्स लेने के साथ ही आवश्यक जांच की। सीओ ने परिवारीजनों व अन्य ग्रामीणों से आवश्यक पूछताछ की। एसओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।