अंबेडकरनगर के कम्हरिया में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से हटवाया गया अतिक्रमण।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
आलापुर (अंबेडकरनगर)। मुआवजा लेने के बावजूद गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की अधिग्रहीत भूमि से न हटने वाले लोगों के विरुद्ध तहसील प्रशासन का बुलडोजर चला। इस दौरान कम्हरिया घाट के पास एसडीएम की मौजूदगी में प्रशासन ने करीब एक दर्जन कच्चे घरों को जमींदोज करा दिया। तहसील प्रशासन लगातार संबंधित लोगों को अधिग्रहीत क्षेत्र से हटने के लिए नोटिस देने के साथ ही हिदायत दे रहा था, परंतु लोग नहीं हट रहे थे।
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे आलापुर तहसील क्षेत्र के कई गांवों से होकर गुजर रहा है। बताया जाता है कि कम्हरिया घाट के पास करीब एक दर्जन लोग मुआवजा मिलने के बावजूद अधिग्रहीत भूमि से अपना आशियाना नहीं हटा रहे थे। इससे निर्माण में अवरोध भी पैदा हो रहा था। निर्माणदायी संस्था लगातार प्रशासन से अवैध कब्जे को हटवाने की मांग कर रही थी। इस बीच बीते दिन एसडीएम मोहनलाल गुप्त पुलिस टीम के साथ कम्हरिया पहुंच गए।
इसके बाद एक के बाद एक घरों को जेसीबी से जमींदोज करने का सिलसिला शुरू हो गया। पुलिस टीम के चलते किसी ने विरोध करने की कोशिश नहीं की। कुछ घंटों तक चली इस कार्रवाई में प्रशासन ने करीब एक दर्जन घरों को जमींदोज करा दिया, जो अधिग्रहीत क्षेत्र में थे। एसडीएम ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के बाद सभी किसानों व नागरिकों को मुआवजे का लाभ दे दिया गया है। बीते दिनों अधिग्रहीत क्षेत्र से न हट रहे लोगों को नोटिस भी दी गई थी। इसके बावजूद वह लोग संबंधित भूमि से नहंी हट रहे थे। ऐसे में एक्सप्रेसवे निर्माण में कोई बाधा न आए, इसके लिए जरूरी कार्रवाई करनी पड़ी।