अंबेडकरनगर। जिले के 12 चयनित बैडमिंटन खिलाड़ियों में से 11 ने सोमवार को अयोध्या में हुए मंडलीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग कर बेहतर प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग की नेहा चौहान तबीयत खराब होने के कारण ट्रायल में शामिल नहीं हो सकीं। अब प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अयोध्या मंडल की चयन सूची का इंतजार है।
एकलव्य स्टेडियम में शनिवार को हुए जिला स्तरीय ट्रायल के बाद आठ बालक और चार बालिकाओं का मंडलीय ट्रायल के लिए चयन हुआ था। सोमवार को बालक वर्ग में राज पटेल, आयुष तिवारी, रौनक, प्रखर, गौरव, शौर्य यादव, अगम और नितीश मिश्रा ने प्रतिभाग किया। बालिका वर्ग में मुस्कान मौर्या, कृतिका द्विवेदी और तेजस्विनी भट्ट ने खेल कौशल दिखाया।
ट्रायल में खिलाड़ियों ने फोरहैंड-बैकहैंड शॉट, नेट प्ले, ड्रॉप और क्लियर के साथ बेहतर फुटवर्क का प्रदर्शन किया। रैली के दौरान आक्रामक और रक्षात्मक खेल के बीच संतुलन बनाते हुए खिलाड़ियों ने शटल की दिशा के अनुसार पोजिशनिंग पर भी जोर दिया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी ने बताया कि मंडलीय ट्रायल में जिले के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। प्रदेश स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों की सूची का इंतजार है।