राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के कम्हरिया घाट के निकट सोमवार को घटा सरयू नदी का जलस्तर।संवाद
राजेसुल्तानपुर। सरयू नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है। सोमवार को 24 घंटे में जलस्तर 34 सेंटीमीटर घटकर 85.00 से 84.66 मीटर पहुंच गया। नदी अब खतरे के निशान से 90 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर घटने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन किसानों को कटान की चिंता सताने लगी है।
इटौरा ढोलीपुर निवासी भावेश सिंह ने बताया कि गांव के पूरब मांझा क्षेत्र में पानी घटने के साथ खेतों में कटान शुरू होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर घटने-बढ़ने के दौरान ही कटान की समस्या अधिक होती है। तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव ने बताया कि जलस्तर काफी नीचे आ गया है। फिर भी राजस्व कर्मियों को निगरानी के लिए लगाया गया है। (संवाद)