अंबेडकरनगर। लेखपालों के संकट से जूझ रहे जिले में जल्द ही 109 नए लेखपाल कामकाज संभालेंगे। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित हुए लेखपालों को अलग-अलग जनपदों में भेजा जा रहा है। फरवरी माह के प्रथम पखवाड़े से यहां नए लेखपाल अपनी सेवा देने के लिए पहुंच जाएंगे।
जिले की अकबरपुर, टांडा, आलापुर, भीटी व जलालपुर तहसील के लिए कुल 476 लेखपालों के पद सृजित हैं। इसके सापेक्ष मौजूदा समय में करीब 50 प्रतिशत पदों पर ही लेखपालों की तैनाती है। अलग-अलग तहसीलों में 241 लेखपाल ही तैनात हैं। इसके चलते एक-एक लेखपाल पर दोगुना काम पड़ रहा है।
सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग के साथ ही राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण में लेखपालों की अहम भूमिका होती है। इसके साथ ही ऑनलाइन प्राप्त होने वाले आय, जाति, निवास सहित अन्य प्रमाण पत्रों पर समय से रिपोर्ट लगाने का दबाव रहता है। ऐसे में काम के बोझ से दबे लेखपाल अपनी जिम्मेदारियों को तत्परतापूर्वक नहीं कर पा रहे हैं।
इसका सीधा खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है। शिकायतों के साथ ही आवेदनों के निस्तारण में काफी विलंब होता है। अब नए लेखपालों के आ जाने से लोगों को राहत मिलेगी। अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्त ने बताया कि शासन से 109 नए लेखपाल जिले में आ रहे हैं। इन लेखपालों के आ जाने से काफी सुविधा होगी। शिकायतों के निस्तारण के साथ ही अन्य कार्यों में तेजी आएगी।