अंबेडकरनगर। अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा छह और नौ में प्रवेश के लिए रविवार को परीक्षा हुई। जिले में इसके लिए शहर के बीएन इंटर कॉलेज को एकमात्र परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
कक्षा छह की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक हुई। इस परीक्षा के लिए कुल 107 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 104 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि तीन अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कक्षा छह में 97.19 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
वहीं कक्षा नौ की प्रवेश परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की गई। इस कक्षा में कुल 124 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 123 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और एक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहा।
कक्षा नौ में 99.20 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा के दौरान केंद्र पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। एसडीएम प्रतीक्षा सिंह ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय उन्होंने केंद्र प्रभारी व सहायक श्रमायुक्त को परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।